
फाइल फोटो- पत्रिका
जयपुर। महंगाई की मार झेल रहे आमजन को अब दूध के लिए भी ज्यादा कीमत चुकानी होगी। जयपुर डेयरी ने सरस दूध की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 21 मई की शाम से लागू होंगी। इसके साथ ही दही, छाछ और लस्सी जैसे दुग्ध उत्पाद भी महंगे हो जाएंगे। जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से जारी नई दरों के अनुसार अब उपभोक्ताओं को सरस दूध के अलग-अलग वैरिएंट के लिए पहले से अधिक भुगतान करना होगा।
यह वीडियो भी देखें
डेयरी प्रशासन का कहना है कि बढ़ती लागत और संचालन खर्च को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि उपभोक्ताओं के बीच इस निर्णय को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है। नई दरों के अनुसार सरस टोंड दूध, जिसे नीले पैकेट में बेचा जाता है, अब 54 रुपए की जगह 56 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। इसी तरह स्टैंडर्ड दूध की कीमत 60 रुपए से बढ़ाकर 62 रुपए प्रति लीटर कर दी गई है। सरस गोल्ड दूध अब 68 रुपए के बजाय 70 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। वहीं डबल टोंड दूध की कीमत बढ़कर 48 रुपए प्रति लीटर हो जाएगी।
डेयरी ने केवल दूध ही नहीं, बल्कि उससे तैयार होने वाले अन्य उत्पादों की कीमतों में भी इजाफा किया है। नई कीमतें 21 मई की शाम से सप्लाई होने वाले सभी उत्पादों पर लागू रहेंगी। इससे रोजाना सरस उत्पाद खरीदने वाले हजारों उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि डेयरी को आमजन को राहत देने की दिशा में काम करना चाहिए था।
इससे पहले भी जयपुर डेयरी अगस्त 2025 और अगस्त 2024 में दूध के दाम बढ़ा चुकी है। दोनों बार प्रति लीटर 2 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। वर्ष 2017 से अब तक दूध की कीमतों में 12 बार इजाफा हो चुका है। दूध के बढ़े हुए दामों का असर जयपुर और दौसा जिले के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। जयपुर डेयरी इन दोनों जिलों में प्रतिदिन करीब 11.60 लाख लीटर दूध की सप्लाई करती है। गौरतलब है कि इससे पहले प्रदेश में पेट्रोल और डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी की गई थी।
Published on:
20 May 2026 06:30 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
