5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर में भारी भरकम ट्रेलर का ‘ब्रेक फेल’, फिर जो हुआ वो किसी ने सोचा नहीं था 

कानोता की ओर से आ रहा एक भारी भरकम ट्रेलर जैसे ही टनल के पास पहुँचा, उसके ब्रेक का प्रेशर पाइप अचानक फट गया। ब्रेक फेल होते ही चालक का वाहन से नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो गया।

2 min read
Google source verification

जयपुर के घाट की गुणी टनल के पास देर रात करीब 9:50 बजे का नजारा अचानक खौफनाक हो गया। यहां कानोता की ओर से आ रहा एक भारी भरकम ट्रेलर जैसे ही टनल के पास पहुँचा, उसके ब्रेक का प्रेशर पाइप अचानक फट गया। ब्रेक फेल होते ही चालक का वाहन से नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो गया। ढलान और भारी वजन की वजह से ट्रेलर अनियंत्रित होकर पीछे की ओर करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया।

चालक की सूझबूझ, टल गया बड़ा हादसा

ट्रेलर में चालक राजवीर सिंह और खलासी अहमद सवार थे। अनियंत्रित वाहन को देखकर सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। यदि ट्रेलर टनल के भीतर प्रवेश कर जाता या किसी छोटे वाहन पर पलट जाता, तो हादसा भयावह हो सकता था। चालक राजवीर सिंह ने सूझबूझ का परिचय दिया और ट्रेलर को डिवाइडर की ओर मोड़ दिया। डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रेलर रुक गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

45 मिनट तक हाईवे पर 'महाजाम'

हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर बीच सड़क पर आड़ा हो गया, जिससे आगरा रोड से जयपुर शहर में प्रवेश करने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। देखते ही देखते टनल के दोनों ओर वाहनों की किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। रात का समय होने के कारण भारी वाहनों और यात्री बसों की संख्या अधिक थी, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पुलिस की मुस्तैदी, वैकल्पिक व्यवस्था

घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और स्थानीय थाने की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाने का काम शुरू किया। जाम की गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक को खानिया बंधा और गोनेर रोड की ओर डायवर्ट किया गया। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब साढ़े 10 बजे के बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारू करना शुरू किया।

सामान्य हुई ट्रैफिक की रफ्तार

करीब 45 मिनट के हाई-वोल्टेज ड्रामे और बचाव कार्य के बाद रात 10:35 बजे यातायात पूरी तरह सामान्य हो सका। मिस्त्री को बुलाकर ट्रेलर के प्रेशर पाइप को ठीक कराया गया और उसे साइड में लगवाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि ट्रेलर चालक राजवीर सिंह ने तत्परता नहीं दिखाई होती, तो हादसा बहुत खतरनाक हो सकता था।