संकरी गलियों में चारपहिया वाहन खड़े होने से रास्ते हो रहे बाधित
एंबुलेंस की आवाजाही पर भी संकट
देवली. चारपहिया वाहन आज हर परिवार की जरूरत बन गए हैं, लेकिन इनके लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था करना कई वाहन मालिक भूल जाते हैं। घर में जगह नहीं होने पर सड़क और सार्वजनिक रास्तों को ही निजी पार्किंग बना लिया जाता है। देवली के कई मोहल्लों और कॉलोनियों में यह समस्या लगातार बढ़ रही है। घरों के बाहर खड़े वाहन सड़कों की चौड़ाई कम कर रहे हैं, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालात यह हैं कि संकरी गलियों में एक चारपहिया वाहन खड़ा होते ही दूसरे वाहनों के निकलने की जगह नहीं बचती। कई स्थानों पर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी परेशानी होती है। आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों की आवाजाही बाधित होने का खतरा बना रहता है। रास्ते में वाहन खड़े करने को लेकर पड़ोसियों के बीच कई बार कहासुनी और विवाद की नौबत भी आ जाती है। निजी सुविधा के लिए सार्वजनिक रास्तों का इस्तेमाल करने का खमियाजा पूरे मोहल्ले के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
सार्वजनिक जगहों पर कब्जा
समस्या केवल सड़क पर वाहन खड़े करने तक सीमित नहीं है। कुछ मकानों के निर्माण के दौरान स्वीकृत नक्शे के अनुरूप पार्किंग की जगह नहीं छोड़ी जाती। वहीं कई जगह भूखंडों के आगे चबूतरे, सीढ़ियां और अन्य स्थायी निर्माण कर सार्वजनिक जगह घेर ली जाती है। इससे पार्किंग के लिए उपलब्ध जगह और कम हो जाती है। वाहन खरीदते समय पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करने वाले लोग बाद में सड़क को ही गैराज के रूप में इस्तेमाल करने लगते हैं।
कानून में कार्रवाई का प्रावधान
मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 122 के तहत सार्वजनिक स्थान पर इस तरह वाहन खड़ा करना प्रतिबंधित है, जिससे खतरा, अवरोध या अनुचित असुविधा पैदा हो। भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 में सार्वजनिक मार्ग में बाधा उत्पन्न करने पर पांच हजार रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है। वहीं राजस्थान नगरपालिका अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।
संयुक्त कार्रवाई से मिल सकती है राहत
इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नगरपालिका और यातायात पुलिस को संयुक्त सर्वे कर ऐसे स्थान चिह्नित करने चाहिए, जहां अवैध पार्किंग के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। नियम विरुद्ध पार्किंग करने वालों के खिलाफ चालान और नियमानुसार टोइंग की कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही नागरिकों को भी वाहन खरीदने से पहले अपने परिसर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। सवाल यह है कि निजी वाहन की सुविधा के लिए सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा आखिर कब तक बर्दाश्त किया जाएगा?
फोटो कैप्शन: देवली. मकानों के बाहर पार्किंग की जगह नहीं होने से सड़क मार्ग पर खड़े चारपहिया वाहन।