
cash
Be careful before investing: शेयर मार्केट में निवेश करने के नाम पर इन दिनों कई तरह की एप्लीकेशन मोबाइल फोन पर उपलब्ध है। इन एप्लीकेशन के जरिए शेयर मार्केट में कम जानकारी रखने वाले भी धड़ाधड़ निवेश कर रहे हैं। लेकिन ऐसे में कई फर्जी एप भी चलन में जो निवेश के नाम पर धोखेबाजी कर रहे हैं। इसी तरह का एक मामला जयपुर के करणी विहार थाने में दर्ज कराया गया है। निवेश के नाम पर पहले महिला से निवेश करा लिया। जिस एप के जरिए निवेश कराया उस एप में उनका निवेश और कमाई मिलाकर करीब 23 लाख रुपए दिखा भी रहा है वॉलेट में.....। लेकिन इस पैसे को फ्रीज कर दिया गया है और इसे रिलीज करने के नाम पर अब करीब पंद्रह लाख रुपए मांगा जा रहा है। कई लाख रुपए जमा कराने के बाद भी पैसा रिलीज नहीं किया जा रहा है। मामला अब करणी विहार थाने में दर्ज कराया गया है।
दरअसल करणी विहार थाना इलाके में रहने वाली सरोज देवी को कुछ दिन पहले मोबाइल फोन पर कॉल आया और कॉल करने वाले ने वाट्स एप पर एक टास्क दिया और उसकी एवज में एक सौ पचास रूपए के दो पेमेंट खाते में डाल दिए। कहा इससे ज्यादा फायदे का सौदा चाहते हैं तो टेलीग्राम गु्रप पर जुड़ सकते हैं। सरोज ने गु्रप ज्वाइन किया तो वहां पर शेयर बाजार में पैसा निवेश के नाम पर टिप दी गई और हाथों हाथ मुनाफा भी जो करीब 22000 रूपए था, उसे ट्रांसफर भी कर दिया। ऐसा करने के बाद सरोज का विश्वास जम गया तो निवेश कराने वालों ने बड़ा निवेश कराया और उससे पैसा भी बनवाया। सरोज देवी ने पुलिस को बताया कि उनके ट्रेडिंग एप के खाते में करीब 23 लाख रुपए से ज्यादा दिखाया जा रहा है, लेकिन उसे निकाल नहीं पा रहे हैं। इसकी एवज में करीब पंद्रह लाख रुपए टैक्स मांगा जा रहा है। पंद्रह लाख की मांग के अनुसार करीब सात से आठ लाख रपुए जमा भी करा दिए गए हैं लेकिन उसके बाद भी पैसा फ्रीज कर दिया गया है। अब सरोज देवी ने अपने पति को इसकी जानकारी दी तो वे हैरान रह गए। बाद में उन्होनें पैसा जमा कराने से मना कर दिया और पुलिस की शरण ली। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
इस तरह के कई केस सामने आ चुके, एक केस में तो डॉक्टर ने ही ठग लिए सवा करोड़ से ज्यादा
इस तरह के और भी मामले जयपुर समेत अन्य शहरों में सामने आ चुके हैं। पिछले महीने ही जयपुर पुलिस ने एक डॉक्टर और उसकी नर्स दोनो को अरेस्ट किया है। दोनो ने दो तीन लोगों से शेयर बाजार में मुनाफा कमाने के नाम पर एक करोड़ 37 लाख रुपए ठग लिए। दो महीने पहले गाजियाबाद में निवेश के नाम पर पच्ची करोड़ रुपए की ठगी हुई थी। जयपुर के ही करणी विहार में निवेश कराने के नाम पर पंद्रह लाख रपुए की ठगी हुई थी।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ......
साइबर ठगी के बारे में लोगों को सचेत करने वाले जयपुर निवासी नितिन का कहना है कि हर कोई जल्दी ग्रोथ चाहता है। ढेर सारे एप हैं सोशल मीडिया पर शेयर बाजार के। उससे लोग पैसा भी बना रहे हैं, लेकिन उनमें वे लोग ज्यादा हैं जो शेयर बाजार का ज्ञान रखते हैं। इनसे कई गुना संख्या उन लोगों की है जो बाजार की समझ नहीं रखते और अपनी पॉकेट मनी या अपनी छोटी बचत को बड़ा करने के लिए पैसा बिना समझे लगा देते हैं। दस, बीस, पचास हजार रुपए तक गवं भी देते हैं। एप्लीकेशन पहले ही सभी तरह के रूल फॉलो करा लेती है, ताकि कानूनी कार्रवाई पर भी बचा जा सके।
Published on:
24 Jun 2023 02:49 pm
