
जयपुर। कांग्रेस में टिकट वितरण की मशक्कत के बीच दावेदारों के समर्थकों में भिड़ंत शुरू हो गई है। अब तक उम्मीदवार के समर्थन में लोग नारेबाजी कर लौट रहे थे। लेकिन निवाई से टिकट मांग रहे प्रशांत बैरवा के विरोध में बड़ी संख्या में लोग प्रदेश मुख्यालय पहुंचे तो बैरवा ने अपने समर्थकों को भी भेज दिया। ऐसे में दिनभर दोनों ओर से नारेबाजी होती रही। एक बार तो हाथापाई भी हो गई। जो झण्डे लहराए जा रहे थे। उन्हें लाठी लेकर एक-दूसरे पर चलाना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस ने अलग कर दिया। लेकिन विरोधियों की नारेबाजी चलती रही। इधर बैरवा के कुछ समर्थक भी जमे रहे और पक्ष में नारेबाजी की।
प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के जयपुर पहुंचने की सूचना के चलते निवाई से बड़ी संख्या में गाडिय़ों में भरकर लोग प्रशांत बैरवा की दावेदारी का विरोध करने पहुंचे थे। वहां मुख्य द्वार पर नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यालय में सेवादल के लोगों ने घुसने नहीं दिया। भारी हंगामा और नारेबाजी के दौरान पायलट भी पीसीसी पहुंच गए। उनके पीसीसी में प्रेसवार्ता करने और लोगों से मुलाकात के दौरान भी बाहर नारेबाजी जारी रही। उनके जाने के बाद शाम को लोग लौटे।
प्रशांत बैरवा के विरोधी जहां प्रशांत भगाओ निवाई-पीपलू बचाओ के नारे लगा रहे थे, वहीं समर्थक प्रशांत जिन्दाबाद के नारे लगा रहे थे। उधर, प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि अभी किसी का भी टिकट फाइनल नहीं हुआ है। अभी मशक्कत चल रही है। ऐसे में किसी के भी टिकट मिलने की अभी अटकलें नहीं लगाएं। अंतिम समय तक कुछ भी हो सकता है।
पार्क-जिम में पहुंचे कांग्रेसी
कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे बूथ संपर्क, पार्क, जिम और चाय पर चर्चा एवं वोट के साथ नोट अभियान के जरिये आम जनता से संपर्क किया जा रहा है। टिकटों की भागदौड़ के बीच कई जगह निचले स्तर के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने इनकी कमान संभाली हुई है। वहीं कई जगह जिला व प्रदेश स्तर के कुछ नेता भी इनमे शामिल हो रहे हैं। जयपुर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्कों और हैल्थ जिमों में कांग्रेस की ओर से जनसंपर्क करके भाजपा पर भ्रष्टाचार और कुशासन का आरोप लगाते हुए जनसंपर्क किया।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस इन सभी अभियानों का आगाज अपने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पहले से ही कर चुकी है। जिन्हें अब विधानसभा स्तर पर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ये संपर्क आगे भी जारी रहेंगे, जिनमे कांग्रेस के ब्लैक पेपर जनता में वितरित किए जाएंगे।
Published on:
03 Nov 2018 10:42 am
