
ट्रेक पर साइकिल भगा रहे थे पांच बच्चे, अचानक आई फुल स्पीड ट्रेन, लोग चिल्लाते रहे और कट गई जीवन की डोर
देवेन्द्र शर्मा / जयपुर. सांगानेर थाना इलाके में तरुछाया नगर स्थित द्रव्यवती नदी के ऊपर बने रेलवे पुल पर गुरुवार सुबह ट्रेक पर ट्रेन से कटकर दो बच्चों की मौत हो गई। ये बच्चे खेलते हुए ट्रेक पर पहुंच गए थे, तभी पीछे से ट्रेन आ गई। सांगानेर थानाधिकारी लखन सिंह खटाना ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 11 बजे यह हादसा हुआ। ट्रेन आई तो पांच में से तीन बच्चे तो नीचे कूदकर बच गए, जबकि दो बच्चे कूद नहीं सके और ट्रेन से कट गए। हादसे में तकरीबन 13-14 वर्षीय दो बालकों की मौत हुई है, देर शाम तक उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी। शवों को महात्मा गांधी अस्पताल में रखवाया गया है। बालकों के साथ अन्य तीन बालकों की तलाश की जा रही है, ताकि मृतकों की पहचान व हादसे के कारणों का पता चल सके।
कई लोगों ने देखी मौत की दौड़, मना किया था, फिर भी नहीं माने
प्रत्यक्षदर्शी दामोदर शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे से कुछ बच्चे ट्रेक पर घूम रहे थे। उनके पास तीन साइकिलें थीं। वे खेलते-खेलते द्रव्यवती नदी पर बने पुल पर पहुंच गए। उन्हें मना किया और हटने के लिए कह दिया। कुछ देर बाद जयपुर से सांगानेर की तरफ आ रही ट्रेन के आगे बच्चे भागते दिखे और पलभर में दो बच्चों की जिंदगी की डोर कट गई। पुल पर जयपुर की दिशा में पांच बच्चे थे। एक बच्चा तो वहीं पर साइड में कूद गया। दो बच्चे आगे थे, वो ट्रेन देखकर भागे और पुल की दूसरी दिशा में मिट्टी में कूद गए। लेकिन दो बच्चे एक साइकिल लेकर ट्रेन के आगे भागते रहे, पर वह ट्रेक पार कर कूद नहीं सके और ट्रेन की चपेट में आ गए।
ड्राइवर ने ब्रेक लगाया, लेकिन हो चुकी थी देर
बच्चों को देखकर ट्रेन ड्राइवर ने हॉर्न भी बजाया और ब्रेक लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन बहुत देर हो चुकी थी और दो बच्चे चपेट में आ गए। ड्राइवर ने कुछ आगे ट्रेन को रोकी। फिर उसी ट्रेन में दोनों बच्चों के शव लेकर के सांगानेर रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से पुलिस ने शवों को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
बेखबर परिजन
हादसे के वक्त पांच दोस्त थे। दो की मौत हो गई और तीन तुरंत भाग गए। इसके बावजूद देर शाम तक मृतकों की शिनाख्त के लिए कोई नहीं पहुंचा। पुलिस ने सभी थानों को गुमशुदगी व बच्चों के संबंध में सूचना मिलने पर इत्तिला करने का संदेश भी भेजा। न तो उनके दोस्त सामने आए और न ही मृतकों के परिजनों को घटना के बारे में जानकारी मिली।
बैग भी मिला
घटना स्थल से बैग भी मिला है, जिसमें सिगरेट के चार-पांच पैकेट और एक कॉपी मिली है, जिस पर एनके लिखा हुआ था। वहीं दो साइकिल सही-सलामत और एक साइकिल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली है।
Published on:
28 Mar 2019 10:58 pm
