
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेना में राजस्थान से भी तीन रत्नों (गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, कैलाश चौधरी) को शामिल किया गया है। इन तीन में से गजेंद्र सिंह शेखावत और अर्जुन राम मेघवाल को दोबारा मोदी मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया है। वहीं कैलाश चौधरी नया चेहरा हैं।
जोधपुर से सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। उन्हें जल शक्ति मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। कैलाश चौधरी को कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री और अर्जुन राम मेघवाल को संसदीय कार्य, भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उद्यम राज्य मंत्री बनाया गया है। मंत्री बनाए जाने की पूरी उम्मीद लगाए बैठे हनुमान बेनीवाल समेत दो अन्य सांसदों को निराशा हाथ लगी है।
क्या नाराज हैं बेनीवाल?
हनुमान बेनीवाल शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल नहीं हुए, जबकि वे गुरुवार दोपहर अटल बिहारी वाजपेयी के समाधि स्थल पर पीएम मोदी के साथ गए थे।
चर्चा थी कि एनडीए घटक दलों से एक- एक सांसद को मंत्री बनाया जाएगा। लेकिन राजस्थान से एनडीए के घटक दल रालोपा के हनुमान बेनीवाल को मंत्री नहीं बनाया गया।
उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे किसी जरूरी कार्य के कारण शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए। हालांकि बेनीवाल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होने को उनकी नाराजगी से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
दुष्यंत को नहीं मिला मौका
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह को भी निराशा मिली है। वह लगातार चौथी बार चुनाव जीते हैं। पिछली बार भी उनके मंत्री बनने की उम्मीद की जा रही थी। इस बार भी उन्हें उम्मीद थी, लेकिन उन्हें इस बार भी निराशा हाथ लगी।
किरोड़ी लाल मीणा भी मायूस
इसके अलावा राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा भी मायूस हैं। मीणा को भी मंत्री बनाए जाने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जानकारों के अनुसार, पार्टी ने कुछ राज्यों में विधानसभा चुनावों को मद्देनजर रखते हुए उन राज्यों को तरजीह दी है।
राजस्थान में फिलहाल चुनाव काफी दूर हैं, लिहाजा यहां के सांसदों के पल्ले कुछ खास नहीं पड़ा है। हालांकि आने वाले समय में कुछ राज्यों में चुनाव के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना के चलते उनकी उम्मीदें अब भी कायम हैं।
ये खबरें भी जरूर पढ़ें
Updated on:
31 May 2019 03:06 pm
Published on:
31 May 2019 02:47 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
