14 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आर्मी रिटायर्ड जवान की पत्नी लापता: मंगलम सिटी में सुबह 3:30 बजे घर से निकली, तलाश रहे परिजन व पुलिस

कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी से एक बुजुर्ग महिला के लापता होने का मामला सामने आया है।

2 min read
Google source verification

जयपुर। कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी से एक बुजुर्ग महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता महिला अनार कंवर (60) कैंसर से जूझ रही हैं और पिछले कुछ समय से उनका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं है। परिजनों ने बताया कि महिला सोमवार अलसुबह करीब 3:30 बजे घर से बिना बताए निकल गई। सीसीटीवी कैमरों में उन्हें पैदल जाते हुए देखा गया है। सूचना के बाद करधनी थाना पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

सुबह 5 बजे चला पता, बिस्तर खाली देख उड़े होश

लापता महिला के पति सुरेंद्र सिंह राठौड़ सेना से सेवानिवृत्त हैं। घटना का पता तब चला जब उनकी बेटी पूजा कंवर सुबह करीब 5 बजे सोकर उठी। पूजा ने देखा कि उसकी मां अपने बिस्तर पर नहीं हैं। उसने तुरंत घर के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने पहले कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में तलाश की, लेकिन जब उनका कहीं पता नहीं चला तो पुलिस को सूचित किया गया।

सीसीटीवी में दिखी अनार कंवर

परिजनों ने जब घर और कॉलोनी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें अनार कंवर तड़के करीब साढ़े तीन बजे घर से बाहर निकलती हुई दिखाई दे रही हैं। पति सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अनार कंवर कैंसर बीमारी से लड़ रही हैं। इस बीमारी के कारण उनका मानसिक संतुलन भी बिगड़ चुका है, जिसके चलते वे संभवतः मानसिक भ्रम की स्थिति में घर से बाहर निकल गईं।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

महिला के अचानक लापता होने से घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। करधनी थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर कालवाड़ रोड और झोटवाड़ा की ओर जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि इस उम्र और हुलिए की कोई महिला कहीं दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी थाने या कंट्रोल रूम को सूचित करें।