
दोस्ती का जाल बिछाकर महिला से किया बलात्कार, फिर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा ब्लैकमेल
जयपुर
प्रदेश में बलात्कार के मामले थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। अब राजधानी के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने युवक के खिलाफ थाने में अश्लील फोटो के जरिए ब्लैकमेल कर बलात्कार का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस ने बताया कि थाना इलाके की 28 वर्षीय महिला से जयपुर निवासी एक युवक ने दोस्ती गांठकर कई बार बलात्कार किया और अश्लील फोटो खींच ली। इन फोटो को दिखाकर युवक महिला को जब चाहे मिलने बुलाने लगा। महिला ने विरोध किया तो उसने फोटो दिखाकर सार्वजनिक करने की धमकी दी। आखिरकार, आरोपी से परेशान होकर महिला ने थाने में उसके खिलाफ बलात्कार व अश्लील फोटो खींचकर ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरी ओर बीकानेर जिले में भी बलात्कार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। नोखा थाने में नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर और एक विवाहिता के साथ खेत में डरा-धमका कर बलात्कार करने का मामला दर्ज कराया गया है। वहीं पांचू थाने में एक युवती को फोन पर धमका कर खेत में बुलाकर सामूहिक बलात्कार करने का मामला दर्ज हुआ है।
दो दिन बंधक बनाकर किया बलात्कार
नोखा तहसील क्षेत्र से नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसे दो दिन तक बंधक बनाकर बलात्कार करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक पीडि़ता ने रिपोर्ट में बताया कि वह १५ जुलाई को सुबह मंदिर में चुग्गा डालने गई थी। लौटते समय एक कैम्पर गाड़ी में आए गजेंद्र सिंह व ओमसिंह उसे जबरदस्ती गाड़ी में डालकर ले गए।
Published on:
29 Jul 2019, 2:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.