
जैसलमेर शहर में गुरुवार को एक जघन्य मामला सामने आया, जिसमें 50 वर्षीय व्यक्ति ने 6 साल की बालिका के साथ क्रूरता बरतते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। बालिका के जोर से चिल्लाने पर वह व्यक्ति वहां से भाग गया। बच्ची ने अपने परिवारजनों को आपबीती बताई। इसके बाद लोगों ने कुछ देर में उसे ढूंढ़ निकाला और उसकी जम कर धुनाई कर दी। किसी ने पुलिस को सूचित किया, जिस पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी को पकड़ कर अपने साथ ले गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी का नाम पुरुषोत्तम है और वह मदासर का रहने वाला है। दूसरी तरफ बच्ची का मेडिकल मुआयना करवाने के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां महिला पुलिस थाना का जाब्ता भी मौजूद था। यह मामला महिला पुलिस थाना में दर्ज किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार यह घटना शहर के भीतरी भाग में घटित हुई। मकान निर्माण के कार्य में लगे एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने वहां खेल रही 6 साल की बालिका को चॉकलेट देने के बहाने अपने पास बुलाया और उसे मकान की छत पर ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। शांत माने जाने वाले जैसलमेर शहर में इस तरह की घटना घटित होने के बाद लोग सकते में हैं। विशेषकर बच्चियों की सुरक्षा को लेकर उनके अभिभावकों के स्वरों में चिंता उभरी है।
Published on:
09 Jan 2025 09:30 pm
