
रेगिस्तान में हो रहा यह गंदा काम, पुलिस इस कारण नहीं लगा पा रही लगाम
पोकरण. सीमावर्ती क्षेत्र के विभिन्न थानों में शराब की तस्करी बढ़ रही है तथा नोख, नाचना व पोकरण पुलिस थाना क्षेत्रों में पंजाब, हरियाणा, बीकानेर से होकर शराब बिकने के लिए आती है। पुलिस की ओर से कई बार कार्रवाई कर अवैध शराब की धरपकड़ भी की जाती है। पोकरण थाने में कई बार कार्रवाई करते हुए हरियाणा निर्मित अवैध शराब बरामद की गई है तथा शराब तस्करों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। इस दौरान दो बाइक भी जब्त की गई है।
नाचना. सीमावर्ती इन्दिरा गांधी नहर क्षेत्र में बीकानेर जिले से अवैध शराब की आपूर्ति की जाती है तथा यहां कई लोग गांवों, ढाणियों व नहरी चकों में अवैध शराब बेचने का कारोबार करते है। हालांकि पुलिस की ओर से सूचना मिलने पर कार्रवाई भी की जाती है, लेकिन नहरी क्षेत्र में छितरी हुई आबादी व विशाल भू-भाग होने तथा पुलिस के पास भी नफरी व संसाधनों की कमी होने के कारण अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाती है। जिससे शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हो रहे है। सीमावर्ती क्षेत्र में विशाल भू-भाग होने के कारण पूर्व में थानाक्षेत्र में कई चौकियां संचालित की जाती थी, जो शराब चोरी व अन्य छोटे मोटे अपराधों की रोकथाम के लिए कार्य करती थी, लेकिन कालांतर में इन चौकियों को बंद कर दिया गया। क्षेत्र में भारेवाला व घंटियाली में पूर्व में पुलिस चौकियां संचालित होती थी। यहां चौकियों के लिए भवन भी बने हुए है, लेकिन दोनों चौकियां आज बंद है तथा पुलिस की ओर से इन्हें शुरू करने के लिए प्रस्ताव भी भेजे गए है।
नोख. जैसलमेर जिले के अंतिम छोर पर बीकानेर व जोधपुर जिले की सीमाओं से जुड़े नोख थानाक्षेत्र में हरियाणा, पंजाब व बीकानेर से होकर तथा जोधपुर जिले के फलोदी व बाप क्षेत्र से यहां गांवों व ढाणियों में अवैध शराब बेचने का कारोबार किया जाता है। करीब 100 किमी में फैले थाना क्षेत्र में पुलिस की ओर से शराब माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई करना संभव नहीं हो रहा है। थाना क्षेत्र में एक भी पुलिस चौकी नहीं है। पुलिस की ओर से चिन्नू व 155 आरडी टावरीवाला में पुलिस चौकियां प्रस्तावित की गई है। चिन्नू में पुलिस चौकी के लिए भवन भी बना हुआ है, लेकिन पुलिस चौकी स्वीकृत नहीं होने के कारण भवन बेकार पड़ा है। यहां वर्ष 2018 में अवैध शराब की धरपकड़ को लेकर पुलिस की ओर से दो कार्रवाई कर मामले दर्ज किए गए है।
Updated on:
21 Oct 2018 12:02 pm
Published on:
21 Oct 2018 12:02 pm
