
चरमराई सफाई व्यवस्था,ओवरफ्लो हो रहे नाले- नालियां
जैसलमेर/पोकरण. कस्बे में गत कुछ दिनों से बिगड़ी सफाई व्यवस्था के कारण जगह-जगह नाले नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो हो रहा है तथा कीचड़ आम रास्तों पर जमा हो रहा है, जिससे आमजन को परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि कस्बे में गत कुछ दिनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह से लडख़ड़ा गई है। कस्बे के वार्ड संख्या पांच व 18 में नाले नालियों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण उनमें गंदगी व कचरा जमा होने से नाले गंदगी से अटे पड़े है और पानी की निकासी नहीं होने के कारण आसपास क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। ऐसे में आसपास निवास कर रहे लोगों को परेशानी हो रही है।
यहां सडक़ पर फैल गया कीचड़
कस्बे के वार्ड संख्या पांच में नालियों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सडक़ पर जमा हो गया है। पूरी सडक़ पर जमा कीचड़ के कारण मोहल्लेवासियों का घरों से निकलना दुभर हो गया है, तो राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी हो रही है तथा उन्हें अन्य गलियों से घूमकर जाना पड़ रहा है। गत चार दिनों से यहां लगी सीवरेज लाइन में मलबा जमा हो जाने के कारण गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। ऐसे में बीच सडक़ पर जमा कीचड़ से फैली दुर्गंध के कारण यहां निवास कर रहे लोगों को परेशानी हो रही है। बावजूद इसके नगरपालिका की ओर से नाले नालियों की सफाई करवाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
गंदगी से अटा नाला
कस्बे के वार्ड संख्या 18 के जोधनगर में स्थित नाला गंदगी व कचरे से अटा पड़ा है। जोधपुर रोड बस स्टैण्ड-पालीवाल छात्रावास मार्ग पर निर्मित पुलिया क्षतिग्रस्त होने व मलबे से नाला अटा होने के कारण यहां पानी की निकासी नहीं हो रही है, जबकि पीछे से नाला क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों व निजी भूखण्डों पर जमा हो रहा है। ऐसे में यहां आसपास निवास कर रहे लोगों को परेशानी हो रही है तथा उनका जीना दूभर हो गया है।
करवाएंगे सफाई
कचरे से अटी सीवरेज लाइन व नाले की शुक्रवार को दो अलग-अलग टीमें गठित कर सफाई का कार्य किया जाएगा। लोकसभा चुनाव के बाद क्षतिग्रस्त नाले व पुलिए की मरम्मत करवाई जाएगी।
सुनीलकुमार बोड़ा, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका, पोकरण।
Updated on:
19 Apr 2019 06:39 pm
Published on:
19 Apr 2019 06:39 pm
