
दो वर्षों से अधूरा विद्यालय भवन का निर्माण कार्य
जैसलमेर/लाठी. क्षेत्र के धायसर गांव में स्थित शहीद उदयसिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में तीन भवनों का निर्माण कार्य दो वर्षों से अधूरा पड़ा है। ऐसे में कक्षा कक्षों की कमी के कारण विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जोगराजसिंह ने बताया कि विद्यालय में 1-12 तक कक्षाओं का संचालन होता है। विद्यालय में तीन कक्षा कक्षों की कमी के कारण विद्यार्थियों को बाहर पेड़ों की छांव में बैठने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पूर्व शिक्षा विभाग की ओर से धनराशि स्वीकृत कर यहां तीन भवनों का निर्माण कार्य शुरू किया गया। जिसे कुछ दिन बाद ही बंद कर दिया गया तथा यह कार्य अभी तक अधूरा पड़ा है, जिससे सरकारी धनराशि आवंटित होने के बावजूद भी विद्यालय व छात्र-छात्राओं को कोई लाभ नहीं मिल रहा है तथा विद्यार्थी आज भी खुले आसमान तले बैठकर शिक्षण करने को मजबूर हो रहे है।
Published on:
19 Apr 2019 06:31 pm
