
9 अक्टूबर से फिर जुड़ जाएगा दिल्ली से जैसलमेर का हवाई नाता,25 मई से स्थगित थी सेवा
जैसलमेर. पर्यटन नगरी जैसलमेर का देश की राजधानी दिल्ली से हवाई सम्पर्क एक बार फिर बहाल होने जा रहा है। पर्यटन सीजन के मद्देनजर जैसलमेर और दिल्ली के बीच 9 अक्टूबर से हवाई सेवा शुरू होगी। गौरतलब है कि पर्यटन के लिहाज से ऑफ सीजन के मद्देनजर गत 25 मई से जैसलमेर और दिल्ली के बीच नियमित हवाई सेवा को स्थगित कर दिया गया था। यह जानकारी जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट के प्रभारी राजीव पुनेठा ने दी।तब से जैसलमेर और जयपुर के बीच ही हवाई यात्रा की सुविधा मिल रही थी।
यह रहेगा उड़ान का समय
-9 अक्टूबर से शुरू होने वाली सेवा में जैसलमेर से दोपहर 12.20 बजे दिल्ली के लिए विमान उड़ान भरेगा और 2.05 बजे दिल्ली पहुंचेगा।
-दोपहर बाद 2.40 बजे दिल्ली से विमान उड़ान भरकर अपराह्न 4.25 बजे जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट पर उतरेगा।
-दिल्ली के लिए विमान सेवा षुरू होने के मद्देनजर जैसलमेर -जयपुर के बीच विमानों की उड़ान का समय परिवर्तित किया गया है।
-नए कार्यक्रम के अनुसार 9 तारीख से सुबह 10.35 बजे जयपुर से विमान उड़ान भरकर 12 बजे जैसलमेर पहुंचेगा।
-शाम 4.45 बजे जैसलमेर से विमान उड़ान भरकर 6.10 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर उतरेगा।
चोरी का आरोपी गिरफ्तार
पोकरण. पुलिस ने ऊजला गांव से नौ माह पूर्व सौर ऊर्जा की बैटरियां चुराने के आरोप में फरार आरोपी को शनिवार की रात्रि में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत ऊजला कार्यालय में सौर ऊर्जा की बैटरियां चोरी हो जाने पर 26 जनवरी 2018 को मामला दर्ज किया गया था। जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया तथा अन्य दो आरोपी फरार चल रहे थे। जिस पर मुख्य आरक्षक अनोपाराम विश्रोई व कांस्टेबल भंवराराम की टीम गठित कर उन्हें आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शनिवार को जोधपुर व आसपास क्षेत्र के गांवों में दबिश दी। उन्होंने शनिवार की रात्रि में एक आरोपी बाड़मेर जिले के मड़ली थानांतर्गत जासती निवासी मुन्नेखां पुत्र कालूखां को जोधपुर के पास 12 मील से गिरफ्तार किया। आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया। जहां उसे दो दिन तक पूछताछ के लिए पुलिस अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए गए। पुलिस दूसरे आरोपी की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
Published on:
08 Oct 2018 10:33 am
