
लोकसभा चुनाव आदर्श आचार संहिता के क्रियान्वयन को पुख्ता प्रबंध की हिदायत
जैसलमेर. जिला स्तर पर सभी अधिकारी चुनाव पर फोकस करते हुए आदर्श आचार संहिता को प्रभावी तरीके से लागू करवाना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार से आदर्ष आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी नमित मेहता ने सोमवार प्रात: लोक सभा चुनाव के संचालन को गठित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी मेहता ने कहा कि जिले में लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लग चुकी है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण निष्पक्षता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि आगामी एक-दो दिवस में सभी सेक्टर अधिकारियों को क्षेत्र में भेजा जायेगा ताकि मतदान केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ वलरेबटी तथा संवेदनशीलता एवं निर्भीक तथा निष्पक्ष निर्वाचन के पुख्ता प्रबंध हो सके। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष को चाक-चौबंद रखा जाएगा तथा कानून व्यवस्था सुचारू बनाए रखना सुनिश्चत किया जाएगा। मेहता ने कहा कि चुनाव कार्यों के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों में आवंटित कार्य आरंभ कर दें एवं प्रकोष्ठों में कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति के प्रस्ताव भी तत्काल प्रेेषित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्य समयबद्ध कार्यक्रम के तहत संपन्न करवाने के लिए अधिकारी संवेदनशीलता के साथ काम करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण चुनाव के कानून एवं व्यवस्था के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकाशन सामग्री यथा पोस्टर, पेम्फलेट आदि पर प्रकाशक और मुद्रक का नाम आवश्यक रूप से प्रकाशित करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा है कि आदर्श आचार संहिता के लागू होते ही सरकारी खर्चे पर सरकारी उपलब्धियों संबंधी विज्ञापन, होर्डिंग्स आदि को प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुडे सभी कार्मिक स्वंय भी आचार संहिता की पालना करें तथा इसके उल्लंघन रोकने का भी बंदोबस्त करें। उन्होंने कहा कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सरकारी सार्वजनिक कोष से सरकार की उपलब्धियां दर्शाने संबंधी विज्ञापन, होर्डिंग्स, पोस्टर आदि नहीं लगाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों, इलेक्ट्रोनिक मीडिया या अन्य मीडिया के माध्यम से राजकीय कोष से सत्ताधारी दल को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से किसी भी उपलब्धि को लेकर विज्ञापन एवं राजनीतिक प्रवृति के समाचार प्रसारित नहीं किए जाएं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य, केन्द्र सरकार एवं इनके सार्वजनिक उपक्रमों की वेबसाइट से मंत्रियों, राजनीतिक व्यक्तियों अथवा दलों के संदर्भ, फोटो आदि यदि है तो उन्हें तुरन्त हटा लिया जाए। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यात्रा करते समय अपने साथ अनावश्यक रूप से बड़ी मात्रा में नकद राशि लेकर नहीं चलें। बड़ी मात्रा में नकद राशि मिलने पर अनावश्यक रूप से असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। उडऩ दस्ता ऐसी राशि को जब्त कर सकता है और कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया जा सकता है। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी भागीरथ विष्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयनारायण मीणा, उपखण्ड अधिकारी अजय, अनिल जैन, विकास राजपुरोहित, नगरपरिषद आयुक्त सुखराम खोखर, मुख्य आयेजना अधिकारी डॉ. बीएन मीणा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी मौजूद थे।
Published on:
11 Mar 2019 10:24 pm
