
शिक्षाधिकारियों ने किया विद्यालयों का निरीक्षण
पोकरण. मुख्य जिला शिक्षाधिकारी व जिला शिक्षाधिकारी ने क्षेत्र के लवां गांव में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। मुख्य जिला शिक्षाधिकारी रामकृष्ण मीणा व जिला शिक्षाधिकारी नवलकिशोर गोयल गुरुवार को सुबह विद्यालय पहुंचे। उन्होंने कक्षा कक्षों में चल रहे शिक्षण कार्य, एसआईक्यूई गतिविधि आधारित स्मार्ट कक्षा कक्षों का निरीक्षण कर गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बोर्ड कक्षाओं के लिए लगाई जा रही अतिरिक्त कक्षाओं की जानकारी ली तथा प्री-बोर्ड परीक्षा के प्रयासों की सराहना की। प्रधानाचार्य ममता चौधरी ने विद्यालय की शैक्षणिक व सहशैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।
विद्यालय की गतिविधियों की ली जानकारी
मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी रविन्द्रकुमार व अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी विष्णुकुमार छंगाणी ने गुरुवार को स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में शिक्षक अनिल शर्मा व गणपतलाल माली के निर्देशन में संचालित आठवीं व 10वीं की अतिरिक्त कक्षाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों ने विषयवार प्रश्न पूछकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को इन अतिरिक्त कक्षाओं का लाभ लेकर बोर्ड परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य दिनेश शर्मा ने विद्यालय की अन्य गतिविधियों व व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षक देवीप्रसाद पुरोहित, जुगलकिशोर पुरोहित, काशीराम, राधाकिशन, जयप्रकाश, रेणुका कल्ला, मीना, ललिता, चैनदान से शैक्षणिक व सहशैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।
कैबिनेट मंत्री को सौंपे ज्ञापन
पोकरण. अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ व जन अभियोग निराकरण विभाग मंत्री क्षेत्रीय विधायक सालेह मोहम्मद को बुधवार को पोकरण प्रवास के दौरान क्षेत्र के लोगों ने विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सुपुर्द किए। गोमट के ग्रामीणों ने मंत्री को ज्ञापन सुपुर्द कर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 10वीं व 12वीं परीक्षा केन्द्र को पुन: शुरू करने की मांग की। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि उच्च माध्यमिक विद्यालय में वर्ष 2015-16 में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 10वीं व 12वीं का परीक्षा केन्द्र स्वीकृत किया गया था। दो वर्ष परीक्षा केन्द्र संचालित होने के बाद सत्र 2018-19 में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षा केन्द्र गोमट से हटाकर रामदेवरा कर दिया गया है। रामदेवरा परीक्षा केन्द्र गोमट से करीब 10 किमी दूर होने के कारण विद्यार्थियों को तथा विशेषकर छात्राओं को रामदेवरा अकेले आने जाने में परेशानी होगी। उन्होंने परीक्षा केन्द्र पुन: शुरू करने की मांग की है। इसी प्रकार क्षेत्र के बोनाड़ा के ग्रामीणों ने गांव में एएनएम लगाने, पशु शिविर शुरू करने, डिडाणिया के जोजरे की ढाणी के ग्रामीणों ने पोकरण-फलसूण्ड पेयजल लिफ्ट परियोजना से ढाणी को जोडकऱ जलापूर्ति करने की मांग की है।
Published on:
01 Feb 2019 06:00 pm
