4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

शहर में वैध जल कनेक्शन ग्यारह हजार,अवैध का आंकड़ा तीन हजार से पार

शहर में कुल कनेक्शनों पर एक-तिहाई अवैध का भार- हजारों की तादाद में अवैध कनेक्शनों के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई- घरों के अलावा व्यावसायिक स्थलों पर धड़ल्ले से किया जा रहा पानी का इस्तेमाल
2 min read
Google source verification
jaisalmer

शहर में वैध जल कनेक्शन ग्यारह हजार,अवैध का आंकड़ा तीन हजार से पार

जैसलमेर.जैसलमेर शहर में अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ जिम्मेदारों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से एक तरफ सरकारी राजस्व की हानि हो रही है, दूसरी ओर जल उपभोक्ताओं तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। एक जानकारी के अनुसार जैसलमेर शहर में सभी श्रेणियों को मिलाकर करीब ११ हजार जल कनेक्शन हैं, वहीं अवैध कनेक्शनों की संख्या इसकी करीब ३ हजार से ज्यादा बताई जाती है। कई जगहों पर मुख्य राइजिंग लाइनों में सैकड़ों की तादाद में अवैध कनेक्शन किए जाने से समस्या और भी विकट हो गई है।

कुछ मजबूरी तो कुछ चोरी
जानकारी के मुताबिक शहर में अवैध कनेक्शन लिए जाने के पीछे मजबूरी और चोरी की बराबर भूमिका है। शहर के भीतरी भागों सहित कई इलाकों में पानी अत्यंत कम दबाव से आता है, जिसके कारण इन क्षेत्रों में कई जल उपभोक्ताओं ने जलदाय विभाग के एक कनेक्शन पर एक या दो अतिरिक्त कनेक्शन अवैध रूप से ले रखे हैं। जिससे उन तक मांग का पानी पहुंच सके। वहीं अनेक होटलों, रेस्टोरेंट्स, उद्योग और आरओ प्लांट आदि चलाने वालों ने डेढ़ से तीन इंच तक के बड़े कनेक्शन अवैध रूप से ले रखे हैं। शहर की कच्ची बस्तियों में अवैध कनेक्शनों की भरमार है और इनकी संख्या हजार से अधिक है। गजरूपसागर से सूली डूंगर और गांधी कॉलोनी हिलॉक तक आने वाली राइजिंग लाइनों में सैकड़ों लोगों ने बिना सरकारी मंजूरी के कनेक्शन ले रखे हैं। गफूर भ_ा में तो घर-घर में अवैध कनेक्शनों की बहार है। यह जानकारी भी मिली है कि शहर के कई आरओ संयंत्र चलाने वाले चोरी का पानी बेचकर मालामाल हो रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि जहां ईमानदारी से पानी का पैसा भरने वाले उपभोक्ताओं को ४८ से ७२ घंटों के अंतराल में पेयजल मिलता है, वहीं इन अवैध कनेक्शनधारियों को यह सुविधा दिनभर रहती है।
...इधर सुधार की चल रही कवायद
इस बीच जैसलमेर शहर में गर्मी के मौसम में पर्याप्त जलापूर्ति के लिए नगरपरिषद की ओर से नई पाइप लाइनें बिछाने का कार्य तेजी से करवाया जा रहा है। बीते अर्से के दौरान चाचा पाड़ा, मजदूर पाड़ा, सुथार पाड़ा, रेलानी पाड़ा, मोहता पाड़ा, तलोटी व्यास पाड़ा आदि के लिए बड़े आकार की लाइन बिछाई गई है। इसी प्रकार अचलवंशी कॉलोनी तथा आसपास के क्षेत्र में ५ की जगह ८ इंच की नई लाइन और शिव रोड के लिए नई लाइनों का कार्य करवाया जा रहा है। इसी तरह से गजरूपसागर से सूली डूंगर स्टेशन तक पुरानी लाइन बदली जाएगी। जिसमें नगरपरिषद के साथ एनएचआइए भी अर्थभार उठाएगा।

फैक्ट फाइल -
- 11 हजार कुल जल उपभोक्ता
- 650 व्यावसायिक श्रेणी के उपभोक्ता शामिल
- 12 एमएल पानी की शहर में मांग

नियमित करवाएंगे कनेक्शन
शहर की कच्ची बस्तियों में जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर अवैध कनेक्शनों को नियमित करवाने की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई है। पूर्व में यहां एनओसी नहीं मिलती थी, अब नियमों को लचीला बनाया गया है। शहर में नई लाइनों के बिछने से अंदरूनी भागों तक पानी पूरी प्रेशर से पहुंचने लगा है। आने वाले दिनों में चिन्हित किए गए कई अवैध कनेक्शनों को पुलिस की सहायता से हटवाया जाएगा।
- देवीलाल भील, सहायक अभियंता, नगरपरिषद, जैसलमेर