
पुलिस की विशेष टीम ने इस खतरनाक गिरोह का किया पर्दाफाश,बड़ी वारदातों का खुलासा,दो गिरफ्तार
जैसलमेर. जैसलमेर जिले की विशेष पुलिस टीम ने हथियारों की नोक पर वाहनों की लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने शहर कोतवाली, सदर थाना व सांकड़ा क्षेत्रों में गिरोह की ओर से वारदातों को अंजाम देने का भी खुलासा किया है। गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, वहीं एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से दो वाहन भी बरामद किए हैं। गौरतलब है कि गत 26 नवंबर को इन्द्रसिंह पुत्र नेनसिंह निवासी मोकला की ओर से पुलिस थाना कोतवली में उपस्थित होकर रिपोर्ट पेश की थी कि उसकी गाड़ी बोलेरो को तीन व्यक्ति किराये पर किता लेकर गए थे। किता से आगे पहुंचने पर उक्त तीन व्यक्तियों ने गाड़ी को रुकवाकर मारपीट की और हाथ पैर बांधकर उसकी गाड़ी व गाड़ी में रखे 18 हजार रुपये लूट कर ले गए। शहर कोतवाली में इस संबंध में लूट का प्रकरण दर्ज किया गया। शहर कोतवाल देरावरसिंह के नेतृत्व में टीम की ओर से लुटरों की तलाश कोतवाली क्षेत्र एवं जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में की गई। इस दौरान मुखबिर तैनात किए गए और अनुसंधान के दौरान विभिन्न तकनिकी संसाधनों को उपयोग में लिया गया। घटनास्थल से लगने वाली सडक़ों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। इस दौरान मुखबिर से इत्तला मिली कि लूटी हुई गाड़ी को पाली जिले के रोहिट क्षेत्र में देखा गया है, जिस पर टीम के सदस्य एएसआई जीतसिंह मय देवेन्द्र कुमार एवं भूरसिंह को रोहिट के लिए रवाना किया गया। टीम के सदस्यों ने रोहिट पहुंचकर गाड़ी की तलाश की तो उक्त गाड़ी कुल थाना में होने की जानकारी मिली। कुलथाना से आरोपी मनोहरसिंह पुत्र सार्दुलसिंह निवासी अड़बाला व मसराराम पुत्र बाबराराम देवासी निवासी भिंडर जिला पाली और एक बाल अपराचारी को दस्तयाब कर उनके कब्जे से लूटी गई गाड़ी व 18 हजार रुपए बरामद किए। वारदातों को स्वीकार करने पर टीम की ओर से उन्हें गिरफ्तार किया और एक बाल अपराचारी को निरुद्ध किया। मामले में अनुसंधान जारी है।
पूछताछ में उगले कई राज
शहर कोतवाल देरावरसिंह के नेतृत्व में गहन पूछताछ की गई तो लूट के आरोपियों ने जिले में 4 लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली। इसके अलावा आरोपियों ने खुद के पास अवैध कट्टे होना भी स्वीकार किया गया, जिसकी बरामदगी के लिए पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अन्य प्रकरणों से भी पर्दा उठ सकेगा।
बंदूक की नोक पर अंजाम दी गई वारदातें
1. 30 सितम्बर 2018 -मूलसागर में भूराराम पुत्र ताराचंद सुथार निवासी डेढा के साथ मारपीट व मोटर साइकिल की लूट।
2. 4 अक्टूबर 2018 - सांकड़ा क्षेत्र में दूधिया फांटा के पास हुकमाराम भील निवासी जेठवाई से किराये के बहाने बोलेरो कैम्पर की लूट।
3. 1 नवंबर 2018 - पुलिस थाना सदर क्षेत्र में सरहद धउआ में जगदीशसिंह पुत्र राजसिंह निवासी धउवा की मोटरसाइकिल की लूट।
4. 26 नवंबर 2018 - कीता सरहद में इन्द्रसिंह पुत्र नेनूसिंह निवासी मोकला के बोलेरो वाहन की लूट।
विशेष टीम का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जगदीश चन्द्र शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयनारायण मीणा एवं जैसलमेर वृत्ताधिकारी वृत जैसलमेर गोपाललाल शर्मा के सुपरविजन में शहर कोतवाल देरावरसिंह के नेतृत्व में विशेष टीम में सहायक उप निरीक्षक जीतसिंह, हेड कांस्टेबल माधोसिंह, तुलछाराम, कांस्टेबल भूरसिंह, देवेन्द्र कुमार, जनमेत एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय की साइबर सेल से हेड कांस्टेबल मुकेश बीरा व कांस्टेबल भीमरावसिंह को शामिल किया गया।
Updated on:
02 Dec 2018 09:13 am
Published on:
02 Dec 2018 09:13 am
