11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Loksabha election 2024: पाकिस्तान की सीमा से सटी जोधपुर लोकसभा क्षेत्र में भीषण गर्मी पर उत्साह भारी

पाकिस्तान की सीमा से सटी जोधपुर लोकसभा क्षेत्र के दूरस्थ विधानसभा क्षेत्र पोकरण में शुक्रवार को देश की सबसे बड़ी पंचायत के चुनाव को लेकर अलग ही माहौल नजर आया। लोग उत्साह के साथ मतदान केन्द्र पहुंचे और जमकर मतदान किया।

2 min read
Google source verification
pokaran news

पाकिस्तान की सीमा से सटी जोधपुर लोकसभा क्षेत्र के दूरस्थ विधानसभा क्षेत्र पोकरण में शुक्रवार को देश की सबसे बड़ी पंचायत के चुनाव को लेकर अलग ही माहौल नजर आया। लोग उत्साह के साथ मतदान केन्द्र पहुंचे और जमकर मतदान किया। सूर्य की किरणें निकलने से पहले ही लोग तैयार हुए और मतदान केन्द्रों की तरफ रुख कर देश के सबसे बड़े लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। नवमतदाता, युवा, प्रौढ़, वृद्ध, दिव्यांग के साथ युवतियां व महिलाएं भी लोकतंत्र में अपनी आस्था व्यक्त करने मतदान केन्द्रों पर पहुंची। लोकसभा चुनाव 2024 के तहत जोधपुर संसदीय क्षेत्र की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटी पोकरण विधानसभा क्षेत्र में मतदान को लेकर प्रत्येक वर्ग में उत्साह देखने को मिला, जब सुबह से ही मतदान केन्द्रोंं पर लम्बी कतारें लगी हुई थी।.

गांधी चौक रहा सूना, कई प्रतिष्ठान रहे बंद

लोकसभा चुनाव में मतदान के प्रति उत्साह इस कदर था कि पोकरण कस्बे का ह्रदय गांधी चौक सूना नजर आया। सब्जी मार्केट के साथ ही सदर बाजार में भी कई प्रतिष्ठान शुक्रवार को पूरे दिन बंद रहे। इसके अलावा रेलवे स्टेशन रोड, फोर्ट रोड, जोधपुर-जैसलमेर रोड पर भी कई व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे और लोगों ने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर कतारों में लगकर मतदान किया।

भीषण गर्मी के बावजूद मतदान

मौसम इन दिनों अपना रौद्र रूप दिखा रहा है और आसमान से मानो अंगारे बरस रहे है। भीषण गर्मी का दौर इस कदर है कि पाक सीमा से सटे परमाणु नगरी में गर्मी का पारा लगातार बढ़ता जा रहा है। हालांकि शुक्रवार को दोपहर में तेज आंधी का दौर शुरू हुआ, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी के कारण भीषण गर्मी का दौर देर शाम तक भी जारी रहा। भीषण गर्मी के बावजूद मतदाताओं के आने का सिलसिला जारी था। सुबह 11 बजे तक के मतदान प्रतिशत के आंकड़ों पर नजर डालें तो विधानसभा क्षेत्र में 31.02 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। जबकि दोपहर के समय भीषण गर्मी के बावजूद यह आंकड़ा एक बजे 43.62 और तीन बजे तक 57.25 प्रतिशत तक पहुंच गया। मतदान प्रक्रिया देर शाम तक भी लगातार चलती रही। इसी प्रकार भीषण गर्मी के बावजूद छोटे बच्चों के साथ महिलाएं मतदान करने पहुंची।

सुरक्षा के रहे माकूल प्रबंध

क्षेत्र में मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। मतदान केन्द्रों को सामान्य, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील तीन भागों में बांटा गया और उसके अनुरूप सुरक्षाकर्मी लगाए गए। क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर पुलिस, आरएसी, बीएसएफ के साथ ही अन्य सुरक्षा बलों के सशस्त्र जवान तैनात रहे। जिससे कहीं कोई अप्रिय वारदात नहीं हुई और मतदान कार्य शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

अतिरिक्त इंतजाम, लेकिन फिर भी परेशान

मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थी। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन की ओर से प्रत्येक मतदान केन्द्र पर लगने वाली मतदाताओं की कतार के लिए शामियाने लगाए गए थे, लेकिन कुछ जगहों पर कतारें लंबी होने के कारण मतदाताओं को धूप में खड़ा रहना पड़ा। जिससे उन्हें परेशानी हुई। इसी प्रकार कई मतदान केन्द्रों पर भीषण गर्मी के बाद भी ठंडे पानी की व्यवस्था नहीं दिखी। कुछ मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर भी नहीं मिली। कस्बे के कई मतदान क्षेत्रों में बीएलओ की ओर से मतदाता पर्चियां घरों तक नहीं पहुंचाई गई। जिसके कारण मतदाताओं को मतदान केन्द्र पहुंचकर पर्चियां लेनी पड़ी और पर्ची तलाशने में परेशानी हुई।