
‘राजस्थान पत्रिका’ के साथ खास बातचीत में नए कलक्टर ने कहा कुछ ऐसा,ऐसे कर्मचारियों के साथ होगी सख्ती
जैसलमेर. सीमावर्ती जैसलमेर जिले के नवनियुक्त जिला कलक्टर नमित मेहता ने साफ किया कि जो विभाग अथवा अधिकारी कामकाज में ढिलाई दिखाएंगे, उनके साथ सख्ती से पेश आया जाएगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जनता को राहत दिलाने के लिए वे सख्त कार्रवाई करने से नहीं हिचकिचाएंगे। गत बुधवार को कार्यभार संभालने वाले मेहता ने ‘राजस्थान पत्रिका’ के साथ खास बातचीत में कलक्टर के तौर पर अपनी प्राथमिकताएं भी बताई और कहा कि पर्यटननगरी जैसलमेर की साफ-सफाईव्यवस्था को कारगर बनाने के लिए वे कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे।
पहले समझ लूं, फिर आगे बढूंगा
कलक्टर मेहता ने कहा कि जैसलमेर हजारों वर्ग किलोमीटर में फैला जिला है। यहां की भौगोलिक परिस्थितियों और समस्याओं का वे अध्ययन कर रहे हैं। सभी विभागों से जानकारियां मांगी गई हैं। वे पहले इनका अध्ययन करेंगे तथा जिले भर से मिलने आने वाले लोगों से मिल रहे फीडबैक के आधार पर समस्याओं के त्वरित निस्तारण की योजना तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि इसी वजह से वे जिलास्तरीय अधिकारियों की औपचारिक बैठक भी एक सप्ताह बाद ही लेंगे। मेहता ने कहा कि एक बार चीजें समझ में आ जाएंगी, बाद में उन पर आगे बढऩे में आसानी रहेंगी।
शहरी समस्याओं का करवाएंगे निस्तारण
मेहता ने कहा कि छोटे-से शहर जैसलमेर की साफ-सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। ऐसे ही यहां सडक़ों पर घूम रहे पशुओं व श्वानों आदि से लोगों तथा सैलानियों को आ रही परेशानियों का भी स्थायी समाधान खोजा जाएगा। कलक्टर ने कहा कि सडक़ों पर मंडराते पशुओं से यदि लोग जख्मी हो रहे हैं तो यह निराशाजनक है। जैसलमेर में बुनियादी सुविधाओं तथा सौन्दर्यकरण के लिए वे नगरपरिषद तथा यूआइटी के माध्यम से पुख्ता बंदोबस्त करने पर फोकस करेंगे। आने वाले दिनों में शहर का व्यापक भ्रमण करेंगे। उन्होंने जिले की चिकित्सा व्यवस्था खासकर जिला अस्पताल की कमियों को दूर करने के लिए भी प्रयास करने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने जिले में व्याप्त अकाल और सूखा के हालात में लोगों को राहत दिलाने, पेयजल की पुख्ता व्यवस्था करवाने को भी प्राथमिकता बताया। मेहता ने कहा कि वे उनके पास आने वाले परिवादियों की समस्याओं के समाधान के लिए जवाबदेह सिस्टम तैयार करेंगे।
Published on:
28 Dec 2018 11:58 am
