
पोकरण. जुलूस में नारेबाजी करती उमड़ी भीड़। पत्रिका
पोकरण. कस्बे में बिजली-पानी संकट को लेकर आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को जुलूस निकालकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही जलदाय विभाग कार्यालय के आगे मटकियां फोड़ी और डिस्कॉम कार्यालय के आगे बंद पंखें लहराकर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद ज्ञापन सुपुर्द कर समस्याओं के समाधान की मांग कर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व नगरपालिका के पूर्व नेताप्रतिपक्ष नारायण रंगा ने बताया कि कस्बे में गत दो माह से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से लडख़ड़ाई हुई है।
हालात इस कदर है कि गली मोहल्लों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बंद रहती है। साथ ही दिन व रात में आवाजाही के कारण भीषण गर्मी के मौसम में आमजन का बेहाल हो रहा है। इस संबंध में कई बार डिस्कॉम अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। यही नहीं जिम्मेदार दूरभाष पर संतोषजनक जवाब भी नहीं देते है। बिगड़ी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के कारण जलापूर्ति व्यवस्था भी लडख़ड़ा रही है। गली मोहल्लों में छह से सात दिनों में पानी पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ जगहों पर तो 10-15 दिनों से जलापूर्ति बंद पड़ी है। जिसके कारण लोगों को महंगे दामों में पानी खरीदकर मंगवाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में व्याप्त बिजली-पानी समस्या के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि जनप्रतिनिधि व जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए है।
फूटा गुस्सा, निकाला जुलूस
बिजली-पानी संकट से परेशान लोग शुक्रवार को सड़कों पर उतरे। कांग्रेस नेता नारायण रंगा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग गांधी चौक में एकत्रित हुए। यहां से एक जुलूस निकाला गया, जो आडा बाजार, सदर बाजार, गजानन मार्केट, फोर्ट रोड होते हुए जलदाय विभाग के एमबी वेल हेडवक्र्स और इसके बाद स्टेशन रोड, व्यास सर्किल, अंबेडकर सर्किल से डिस्कॉम जीएसएस पहुंचे।
फोड़ी मटकियां, लहराए बंद पंखें
जलदाय विभाग के एमबी वेल हेडवक्र्स पर नारेबाजी करते हुए बड़ी संख्या में महिलाओं ने मटकियां फोड़ी। इस दौरान कुछ युवा हेडवक्र्स में निर्मित टंकी पर भी चढ़े और नारे लगाए। यहां प्रदर्शन के बाद डिस्कॉम कार्यालय परिसर में भी विरोध किया गया। यहां भी नारेबाजी करते हुए बंद पंखे लहराकर विद्युत कटौती, कम वॉल्टेज की समस्या को लेकर विरोध दर्ज करवाया गया। यहां सहायक अभियंता राहुल खोईवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सुपुर्द किया गया। जिस पर उन्होंने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
एसडीएम कार्यालय में भी प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
रंगा के नेतृत्व में राजेन्द्रसिंह चंपावत, कांग्रेस पोकरण ब्लॉक प्रभारी हेमंत पालीवाल, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपाल जोशी, रुघनाथसिंह चौहान, मांगीलाल माली, श्यामलाल जटिया, श्रीकृष्ण प्रजापत, अशोक दैया, गणपतराम गर्ग, शेराराम पूनड़, केसी नागौरा, श्रवण खींची, कल्याणसिंह, हरिवंश, ललित, अजय, शिवकुमार व्यास, हरीश रंगा, राजकुमार, अशोक छंगाणी, विराटखां, शहजाद, आरिफ, सद्दाम, हेमंत रंगा, प्रेम, संजय बिस्सा, पंकजसिंह, रामेश्वर शर्मा, नरुराम भील, केशव, रेंवतराम भील, अमर जोशी, प्रेमसुख, पंकज छंगाणी, राकेश पणिया, अमित जोशी सहित बड़ी संख्या में लोग उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए मटकियां फोड़कर प्रदर्शन किया। इसके बाद उपखंड अधिकारी हीरसिंह चारण से मुलाकात कर एक ज्ञापन सुपुर्द किया गया। उन्होंने पूरे कस्बे में नियमित व पर्याप्त जलापूर्ति करवाने, वंचित क्षेत्रों में टैंकरों से आपूर्ति करने, 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने, वॉल्टेज की समस्या के समाधान सहित अन्य मांगें की गई। जिस पर उपखंड अधिकारी चारण ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
Published on:
05 Jun 2026 09:07 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
