
cm raje
जैसलमेर।
राजस्थान में चुनावी साल के चलते भारतीय जनता पार्टी की तरफ से निकाला जा रहा गौरव रथ 24 अगस्त को गोल्डन सिटी पहुंचने की तैयारी में है। गौरव यात्रा की तैयारियों को लेकर जैसलमेर में प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटा है। ‘राजस्थान गौरव यात्रा’का जैसलमेर में आगमन की तैयारियों को लेकर सत्ताधारी भाजपा के नेताओं से लेकर जिला प्रशासन जुट गया है।
बता दें कि मुख्यमंत्री आगामी 24 अगस्त को गौरव यात्रा के तहत जैसलमेर के हनुमान चौराहा पर आमसभा को सम्बोधित करेंगी। इस सभा के लिए विषालकाय डोम टेंट लगाने की प्रक्रिया गत सोमवार से शुरू की जा चुकी है। दूसरी ओर नगरपरिषद हनुमान चौराहा से मुख्यमंत्री के यात्रा रुट वाले स्थानों को चमकाने में दिन-रात जुट चुकी है। मुख्यमंत्री के आगमन पर कहीं भीड़ अथवा व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रह जाए, इसे लेकर नेताओं से लेकर अधिकारी हर कोई चिंतित हैं।
यात्रा के तहत मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 24 अगस्त को दोपहर डेढ बजे रामदेवरा आएगी तथा बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन कर आमसभा को संबोधित करेंगी। जिसको लेकर गांव में पोकरण रोड पर पेनोरमा के पास विशाल पांडाल लगाया जा रहा है। यहां पांडाल लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। इसी प्रकार मेला परिसर व आसपास क्षेत्र में अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगवाकर सफाई करवाई जा रही है।
सता रही चिंता, नेता कर रहे दौड़ धूप
जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र के तमाम भाजपा नेता गांव-गांव तक जाकर सम्पर्क करने में गत कई दिनों से पसीना बहा रहे हैं। जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी, यूआईटी अध्यक्ष डॉ. जितेंद्रसिंह, युवा नेता विक्रमसिंह नाचना रोजाना दसियों गांवों में जाकर ग्रामीणों से सम्पर्क कर उन्हें मुख्यमंत्री की सभा में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। वहीं भाजपा जिला संगठन ने इसके लिए प्रमुख कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे हैं। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत गत दिनों के दौरान जैसलमेर में डेरा डाल कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने में जुटे हैं।
Updated on:
23 Aug 2018 05:48 am
Published on:
23 Aug 2018 02:07 am
