
छात्रावास में घुसकर की मारपीट,जातिसूचक शब्दों से किया अपमानित,मामला दर्ज
पोकरण. स्थानीय भील समाज छात्रावास में घुसकर छात्रों के साथ मारपीट कर उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार केलावा निवासी सोनाराम पुत्र समदाराम भील ने मंगलवार की रात रिपोर्ट पेश कर बताया कि वह तथा उसके अन्य साथी राउमावि के पीछे स्थित भील समाज के छात्रावास के कमरे में पढाइ कर रहे थे। शाम के समय पांच लडक़े छात्रावास की दीवार लांगकर छात्रावास में घुसे। जब उन्होंने उन लडक़ों से छात्रावास की दीवार के ऊपर से कूदकर अंदर आने का कारण पूछा, तो उन्होंने उनके साथ गाली गलौच किया तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। उन लडक़ों ने अपने मोबाइल से कुछ फोन किए, जिस पर कुछ देर बाद आठ-दस अन्य लडक़े भी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर छात्रावास आ गए। उन सभी लडक़ों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जिससे उसकेे पैर, पीठ, घुटने, हाथ की अंगुलियों पर चोटें आई। उन्होंने उसके साथी मुकेेश के साथ भी मारपीट की। जिससे उसके सिर व कनपट्टी पर चोट लगी। उनके चिल्लाने पर छात्रावास के अन्य कमरों में बैठे पदमाराम, रेंवताराम, राजूराम, मूलाराम, भोमाराम दौडकऱ आए तथा बीच बचाव किया। इस दौरान सभी लडक़े एक मोटरसाइकिल छोडकऱ अन्य मोटरसाइकिलों पर सवार होकर भाग गए। उस मोटरसाइकिल के बैग में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण के कक्षा 11वीं के एक छात्र को दिया गया नोटिस मिला। यह छात्र सनावड़ा का रहने वाला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोटरसाइकिल व नोटिस अपने कब्जे में लिया और जांच शुरू की।
जताया रोष
छात्रावास में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर छात्रों के साथ मारपीट करने व उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने एवं उन्हें भयभीत कर अध्ययन में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए भील समाज के लोगों ने डूंगरराम भील के नेतृत्व में पुलिस थाने पहुंचकर रोष जताया। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने, उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।
Updated on:
04 Oct 2018 09:20 am
Published on:
04 Oct 2018 09:20 am
