
पोकरण. जुलूस में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़। पत्रिका
कांग्रेस की ओर से देश में बढ़ती महंगाई और पोकरण विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं, कथित अनियमितताओं एवं गोवंश की मौत को लेकर गुरुवार को सभा का आयोजन किया गया। इसके बाद जुलूस निकालकर उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सुपुर्द कर विरोध प्रदर्शन किया गया। सभा में मुख्य वक्ता व पूर्व जिला प्रमुख अब्दुला फकीर ने कहा कि क्षेत्र में आमजन भीषण गर्मी के मौसम में पानी-बिजली जैसी समस्याओं से त्रस्त है, जबकि यहां के विधायक ठंडे क्षेत्रों में घूमकर छुट्टियां मना रहे है।
उन्होंने कहा कि रामदेवरा में 200 से अधिक गोवंश के शव मिले, लेकिन आरएसएस, भाजपा के बड़े नेताओं व सरकार की शह पर गोशाला संचालित होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मेडिकल बोर्ड से मृत गोवंश का पोस्टमार्टम करवाकर जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में अकाल स्थिति हो रही है और चारे-पानी के अभाव में गोवंश दम तोड़ रहा है। गाय व धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा कि देशभर में महंगाई चरम पर है। केन्द्र सरकार की नीतियों के कारण आमजन का जीना दुभर हो गया है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढऩे के कारण गरीब का बेहाल हो रहा है। पोकरण विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अंकुर चौधरी, नारायण रंगा, आईदान पंवार ने भी अपने विचार रखे और केन्द्र व राज्य सरकार की नीतियों का विरोध किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजूराम ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
सभा के बाद जैसलमेर रोड सत्यमेव जयते सर्किल से जुलूस निकाला गया। जुलूस जैसलमेर रोड, मदरसा रोड, व्यास सर्किल होते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सरकार, प्रशासन व क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सुपुर्द कर महंगाई से राहत दिलाने सहित अन्य मांगें की गई। इस मौके पर कांग्रेस नेता शाबिर मोहम्मद लोहारकी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपाल जोशी, भोमसिंह भणियाणा, मनोहरसिंह नरावत, हेमंत पालीवाल, चांदकंवर चांडक, चेतनराम जयपाल, फिरोजखां मेहर, फजलदीन माड़वा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पोकरण कस्बे में गत कई दिनों से व्याप्त पानी-बिजली समस्याओं को लेकर शुक्रवार को जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही जलदाय विभाग कार्यालय के आगे मटकियां फोड़ी जाएगी। नगरपालिका के पूर्व नेताप्रतिपक्ष नारायण रंगा ने बताया कि कस्बे में पानी-बिजली समस्या से आमजन का बेहाल हो रहा है। घंटों तक विद्युत की कटौती, आवाजाही, कम वॉल्टेज की समस्या से आमजन परेशान है। जिसका कोई समाधान नहीं होने के कारण भीषण गर्मी के मौसम में आमजन के साथ बच्चों व वृद्धों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलापूर्ति व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमराई हुई है। कई दिनों व हफ्तों तक गली मोहल्लों में पानी नहीं पहुंचने के कारण महंगे दामों में ट्रैक्टर टंकियां मंगवाना आमजन की मजबूरी हो गया है। जबकि जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए है। शुक्रवार को सुबह 10 बजे गांधी चौक में बड़ी संख्या में कस्बेवासी एकत्रित होंगे। यहां से जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद जलदाय विभाग के एमबी वेल हेडवक्र्स पर मटकियां फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही डिस्कॉम कार्यालय पर भी प्रदर्शन किया जाएगा।
Published on:
04 Jun 2026 08:41 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
