
आशापुरा मंदिर में गूंज रहे वेदमंत्र,मंगल कलश यात्रा के साथ हुआ इस महायज्ञ का आगाज
पोकरण. स्थानीय आशापुरा माता मंदिर में गुरुवार को शतचण्डी महायज्ञ शुरू किया गया। विश्व कल्याण, सुख समृद्धि, शांति व भाइचारे की भावना को लेकर शुरू किए गए इस पांच दिवसीय अनुष्ठान में आशापुरा मंदिर में दुर्शाशप्तशति के पाठ के साथ हवनात्मक यज्ञ किया जाएगा। इस दौरान हवन कुण्ड में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दी जाएगी। महायज्ञ के आचार्य अशोक बिस्सा बीकानेर ने बताया कि यज्ञ का धार्मिक महत्व है तथा यह यज्ञ मल मास में सरोवर अथवा नदी के किनारे किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस यज्ञ के साथ मां जगदम्बा के सभी रूपों का आह्वान किया जाएगा तथा प्रतिदिन दुर्गाशप्तशति के पाठ कर हवनात्मक यज्ञ किए जाएंगे। महायज्ञ शुरू करने से पूर्व आचार्य पंडित अशोक बिस्सा व अन्य पंडितों के सानिध्य में यजमान सौरभ जोशी की ओर से आशापुरा तालाब पर दशोविधि से प्रायश्चित स्नान किया गया। इस मौके पर मातृ संकल्प, वरुण पूजा, हिमाद्री संकल्प, जल यात्रा व समुंद्र पूजन किया गया। तालाब से आशापुरा मंदिर तक ढोल-नगाड़ों के साथ कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बालिकाएं मंगल कलश लिए हुए चल रही थी। यात्रा मंदिर स्थित यज्ञस्थल तक पहुंची। यहां बालिकाओं ने यज्ञ शाला की परिक्रमा की व यजमानों की ओर से पूजन कार्यक्रम के अंतर्गत सभी कन्याओं का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया। पहले दिन वेदपाठी पंडितों की ओर से दुर्गाशप्तशति के पाठ किए। दोपहर बाद हवनात्मक यज्ञ शुरू किया गया। जिसमें यजमानों की ओर से आहुतियां दी गई।
पांच दिन तक चलेगा यज्ञ
आचार्य अशोक बिस्सा ने बताया कि यह महायज्ञ 31 दिसम्बर तक चलेगा, जिसमें पाठात्मक यज्ञ के साथ हवनात्मक यज्ञ आयोजित किया जाएगा। महायज्ञ में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दी जाएगी। 31 दिसम्बर को आरती, महाप्रसादी व देवविसर्जन के साथ इस महायज्ञ की पूर्णाहुति की जाएगी।
किया मंत्री का अभिनंदन
पोकरण. स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को जयपुर पहुंचकर पोकरण विधायक व कैबिनेट मंत्री का अभिनंदन किया। पोकरण विधायक सालेह मोहम्मद के अल्पसंख्यक मामलात विभाग व वक्फ बोर्ड के कैबिनेट मंत्री बनने पर स्थानीय कांग्रेस नेता गुरुवार को जयपुर पहुंचे। ब्लॉक कांग्रेस पोकरण के अध्यक्ष राजेन्द्र पुरोहित, पार्षद नारायण रंगा, पूर्व जिला प्रमुख नैनदान रतनू, पूर्व उपप्रधान रणवीरसिंह गोदारा ने मंत्री के निवास पर पहुंचकर साफा पहनाकर, मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया।
Published on:
28 Dec 2018 06:36 pm
