
मतदान केन्द्रों पर लगी लंबी कतारें। पत्रिका
पोकरण. नगरपालिका के 25 पार्षदों के लिए शुक्रवार को सभी वार्डों में स्थापित 26 मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। इसी के साथ ही पार्षद के लिए 74 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। कस्बे में शुक्रवार को सुबह से ही मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा था। अधिकांश मतदान केन्द्रों पर सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही मतदाताओं की भीड़ उमडऩे लगी थी और कई मतदान केन्द्रों पर दोपहर एक बजे तक 50 से 60 और तीन बजे तक 80 प्रतिशत से ऊपर मतदान हो चुका था। मतदान को लेकर लोगों में इस बार उत्साह देखने को मिला। सभी पार्टियों व निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थक मतदाताओं को मनुहार कर लाने व मतदान करवाने में जुटे हुए थे।
पोकरण के सभी वार्डों में मतदान के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। कस्बे की कानून व्यवस्था पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे स्वयं नजर रखे हुए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्रसिंह राठौड़, वृताधिकारी कैलाशकंवर राठौड़, प्रेमदान रतनू, थानाधिकारी मनीष सोनी सहित बड़ी संख्या में पुलिस निरीक्षक व उपनिरीक्षक भी जगह-जगह डेरा डाले बैठे थे। पुलिस टीमों ने दिनभर मतदान केन्द्रों पर गश्त कर कड़ी नजर बनाए रखी। मतदान केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में मतदाताओं के अलावा किसी भी व्यक्ति या वाहन को प्रवेश नहीं दिया गया।
चुनाव के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से लगाए गए पर्यवेक्षक नवनीतकुमार शुक्रवार को दिनभर पोकरण में रहे और मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए। इसी प्रकार जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे भी पोकरण पहुंचे। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी व उपखंड अधिकारी हीरसिंह चारण के साथ विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शहर की सरकार चुनने के लिए व लोकतंत्र के इस उत्सव पर शुक्रवार को हुए नगरपालिका चुनाव के दौरान कस्बे के गांधी चौक स्थित सब्जी मंडी पूर्णतया बंद रही। इसी तरह सदर बाजार, गांधी चौक, स्टेशन रोड, भवानीप्रोल स्थित कई प्रतिष्ठान भी बंद रहे और लोगों ने मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। जिससे बाजारों में रोनक कम रही। दूसरी तरफ मतदान केन्द्रों पर शाम 6 बजे तक भी भीड़ का जमावड़ा लगा रहा।
नगरपालिका मंडल के 25 वार्डों के सदस्यों के लिए शुक्रवार को हुए मतदान में मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। युवा मतदाताओं में मताधिकार को लेकर होड़ लगी हुई थी। दूसरी तरफ वृद्ध मतदाताओं ने अपनी ढलती उम्र में अपने परिजनों के संग लाठी के सहारे, व्हील चैयर पर बैठकर मतदान केन्द्र तक पहुंचकर मतदान किया व लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इसी प्रकार कई युवाओं ने अपने जीवन के पहले वोट की शुरूआत की।
स्थानीय निवासी जयश्री पुत्री चैनसुख पुरोहित अमेरिका में निवास करती है। उनके पति राजेन्द्र व्यास अमेरिका में एक निजी कंपनी में काम करते है। शुक्रवार को जयश्री ने पोकरण पहुंचकर अपने पिता व माता के साथ मतदान किया।
कस्बे में मतदान के दौरान मतदान केन्द्रों पर छुटपुट नोंक-झोंक होने की भी घटनाएं सामने आई। मंगलपुरा स्थित मतदान केन्द्र में मतदान करने के बाद कुछ लोग खड़े थे। जिस पर निर्वाचन अधिकारी व उपखंड अधिकारी हीरसिंह चारण ने उन्हें बाहर निकलने के लिए कहा। जिस पर कुछ नोंक-झोंक हो गई और हंगामा हो गया। करीब 10 मिनट तक चले हंगामे के बाद लोगों को बाहर निकाला गया। इसी प्रकार 200 मीटर की परिधि को लेकर कई मतदान केन्द्रों पर भीड़ के मतदान केन्द्रों के नजदीक आने पर पुलिस ने उन्हें दूर किया। दिनभर पुलिस को लोगों को दूर हटाने में मशक्कत करनी पड़ी।
कस्बे के 26 मतदान केन्द्रों के बाहर प्रत्याशियों की ओर से अपने-अपने काउंटर बनाए गए थे। यहां चाय-पानी की व्यवस्था के साथ मतदाताओं के लिए पर्चियां रखी गई थी, ताकि मतदान केन्द्र में जाने पर उन्हें अपना नाम मतदाता सूचियों में खोजने में मशक्कत नहीं करनी पड़े। इन प्रत्याशियों के काउंटरों पर दिनभर रेलम-पेल और भीड़ देखने को मिली।
पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी का वोट भी कस्बे के वार्ड संख्या 5 में जुड़ा हुआ है। शुक्रवार को सुबह 9 बजे बाद वे भी अपने मतदान केन्द्र रामप्रोल विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
Updated on:
11 Sept 2026 08:40 pm
Published on:
11 Sept 2026 08:37 pm
