
दो दर्जन गाय, भेड़ बकरियों की अज्ञात बीमारी से मौत!
जैसलमेर/पोकरण. क्षेत्र के जैमला गांव में गत एक सप्ताह में दो दर्जन पशुओं की अज्ञात बीमारी से मौत हो चुकी है। इस संबंध में पशुपालकों की ओर से कई बार पशुपालन विभाग को अवगत करवाया गया, लेकिन उनकी ओर से न तो अभी तक टीम भिजवाई गई है, न ही रोग की रोकथाम को लेकर कोई कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि जैमला पशु बाहुल्य क्षेत्र है। गत एक सप्ताह से गांव में गाय, भेड़ व बकरियों में अज्ञात बीमारी फैली हुई है। जिससे उनकी मौत हो रही है। जैमला गांव में पशुओं में फैली अज्ञात बीमारी के चलते पशु अचानक बीमार हो जाते है और चारा पानी छोड़ देता है तथा दो दिन में ही उनकी मौत हो जाती है। गत एक सप्ताह में गांव के रेंवतसिंह की दो गायों, लालसिंह की चार बकरियों, प्रेमसिंह की 15 भेड़ व बकरियों तथा विजयसिंह की दो गायों की मौत हो चुकी है। गांव में उपस्वास्थ्य केन्द्र स्थित है, लेकिन यहां कार्यरत पशुधन सहायक का पद रिक्त पड़ा है। जिससे पशुओं का समय पर उपचार नहीं हो पा रहा है।
Published on:
08 Apr 2019 05:32 pm
