
दलदली जमीन में काल कलवित हो रहे पशु,एक माह से नलकूूप बंद होने से जलापूर्ति ठप
जैसलमेर/पोकरण. क्षेत्र के सनावड़ा गांव में जलदाय विभाग का नलकूप गत एक माह से बंद पड़ा है। जिससे गांव सहित आसपास ढाणियों में जलापूर्ति बंद पड़ी है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के तालाब के पायतन में जलदाय विभाग का नलकूप है। जिससे सनावड़ा प्रथम, सनावड़ा द्वितीय, मेहरनगर सहित आसपास क्षेत्र की ढाणियों में जलापूर्ति की जाती है। इसी नलकूप से तालाब के पायतन में भी पानी डाला जाता है, ताकि पशु अपनी प्यास बुझा सके। यह नलकूूप गत एक माह से खराब पड़ा है। जिसे जलदाय विभाग की ओर से ठीक नहीं किया गया। ऐसे में गांव सहित आसपास क्षेत्र में जलापूर्ति ठप पड़ी है तथा ग्रामीणों को निजी नलकूूपों से 500 से 700 रुपए प्रतिट्रैक्टर टंकी पानी खरीदकर लाना पड़ रहा है।
प्यास ला रही मौत के पास
ग्रामीणों के अनुसार नलकूप से एक माह पूर्व तालाब में पशुओं के लिए पानी जमा किया गया था। जमा पानी धीरे-धीरे कम हो गया है तथा नलकूप बंद होने के कारण नए सिरे से तालाब में पानी नहीं भरा गया है। ऐसे में तालाब में कम पानी व किनारों पर जमीन दलदली हो जाने के कारण जैसे ही पशु तालाब की तरफ पानी पीने के लिए आगे बढ़ता है, वह दलदली जमीन में फंसकर गिर जाता है। भीषण गर्मी, भूख व प्यास के चलते पशु दम तोड़ देता है। गत एक सप्ताह में एक दर्जन से अधिक पशुओं की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों की ओर से रविवार को भी दलदल में फंसे तीन-चार पशुओं को चार घंटे की मशक्कत कर बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में जलदाय विभागाधिकारियों को नलकूप की मरम्मत कर उसे चालू करने के लिए कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ढाणियों के बच्चे शिक्षा से वंचित, ग्रामीण परेशान
जैसलमेर. जिले के फतेहगढ़ उपखंड क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय ऊतमानियो की ढाणी, छोडिया लंबे समय से बंद है। ऐसे में ग्रामीणों को उनके बच्चों का भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उतमाणियों की ढाणी छोडिया गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर है। उन्होंने बताया कि आस-पास की ढाणियों के सैकड़ों बच्चे प्रारभिंक शिक्षा से वंचित रह रहे है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में खावडिया की ढाणी, आत्माराम की ढाणी, नखताराम की ढाणी सहित अन्य ढाणियां बसी हुई है।
Published on:
01 Apr 2019 06:51 pm
