
जैसलमेर। honey trap Jaisalmer- जैसलमेर में कार्यरत सेना के जवान सोमवीर ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के अधिकारियों से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में था। इस दौरान उसने सामरिक महत्व की सूचनाएं उनके साथ साझा भी की।
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी की ओर से इस एवज में सोमवीर को पैसे दिए जाने की बात भी साबित हुई है। आरोपी जवान के विरुद्ध स्पेशल पुलिस स्टेशन जयपुर में शासकीय गुप्त बात अधिनियम 1923 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था।
गौरतलब है कि राज्य विशेष शाखा, जयपुर की ओर से सेना के जवान सोमवीर को जैसलमेर में कार्यरत रहते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेन्सी की महिला एजेन्ट से निरंतर सम्पर्क में रहने और धन के प्रलोभन में सामरिक महत्व की सूचनाएं साझा करने के मामले में गिरफ्तार किया था।
सोमवीर की सोशल मीडिया पर संदिग्ध गतिविधियों पर राज्य विशेष शाखा के अधिकारियों की स्पेशल टीम व आर्मी इंटेंलीजेन्स जोधपुर की ओर से संयुक्त रूप से काफी समय से निगरानी की जा रही थी।
वह महिला एजेन्ट से अपने प्रशिक्षण काल से ही सम्पर्क में आ गया था। महिला एजेन्ट सोमवीर को हनी ट्रैप में फंसा कर फेसबुक, व्हाट्सऐप आदि के माध्यम से सेना की जानकारी प्राप्त कर रही थी।
सोमवीर से विभिन्न एजेन्सियों ने जैसलमेर में प्राथमिक पूछताछ की और जासूसी गतिविधियों में संलिप्त होने पर गहन पूछताछ के लिए केन्द्रीय पूछताछ केन्द्र जयपुर भेजा गया था।
यों हुआ हनीट्रेप का शिकार
- आर्मी का जवान साल 2016 में सेना में भर्ती हुआ। उसे आर्म्ड ट्रेनिंग के लिए महाराष्ट्र के अहमदनगर भेजा गया।
- यहीं पर पाकिस्तानी एजेंट युवती ने उससे फेसबुक पर दोस्ती गांठ ली।
- युवती के झांसे में आकर सोमवीर ने उसे ट्रेनिंग तथा अन्य सूचनाएं साझा की। इस दौरान वह खुफिया एजेंसी की निगाहों में आ गया।
- अहमदनगर से उसकी पोस्टिंग जैसलमेर में कर दी गई, तब भी युवती से उसका सम्पर्क कायम रहा और वह खुफिया एजेंसियों की
नजरों में भी रहा।
सात दिन के रिमांड पर सौंपा
राज्य विशेष शाखा ने हनी ट्रैप मामले में गिरफ्तार जवान सोमवीर को शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे सात दिन के रिमांड पर सौंप दिया। वर्ष 2016 में सोमवीर सेना में भर्ती हुआ था और जनवरी 2018 में फेसबुक से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी की महिला एजेंट के संपर्क में आया था। धनराशि के लालच में आरोपी ने भारतीय सेना की सामरिक सूचनाएं वाट्सऐप और फेसबुक के जरिए पाकिस्तान की महिला एजेंट तक पहुंचाई।
Published on:
13 Jan 2019 08:41 am
