
Young man's death By injection of neem hakim in jaisalmer
जैसलमेर.फलसूण्ड क्षेत्र के भीखोड़ाई गांव में कथित तौर पर झोलाछाप चिकित्सक की ओर से गलत इंजेक्शन लगा दिए जाने से एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अस्पताल में हंगामा किया। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को दस्तयाब किया। गौरतलब है कि झलोड़ा निवासी गिरधरसिंह (32) पुत्र चनणसिंह शनिवार को सुबह बुखार आने पर उपचार के लिए भीखोड़ाई आया। यहां एक निजी क्लिनिक पर तथाकथित चिकित्सक अरविंद की ओर से उसे दो-तीन इंजेक्शन लगाए गए। जिससे उसकी तबीयत और अधिक बिगड़ गई, जिस पर उसे फलसूण्ड राजकीय अस्पताल लाया गया। यहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस दौरान अरविंद अपनी क्लिनिक का शटर बंद कर भाग गया।
लोगों ने किया हंगामा
तथाकथित चिकित्सक की ओर से गलत इंजेक्शन लगाने से हुई युवक की मौत के बाद फलसूण्ड राजकीय अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सांगसिंह गड़ी के नेतृत्व में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हंगामा करते हुए झोला छाप चिकित्सकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता भी अस्पताल पहुंच गया। पुलिस ने अरविंद की तलाश कर उसे शाम तक हिरासत में ले लिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।
मामला दर्ज, आरोपित गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार झलोड़ा निवासी किशोरसिंह पुत्र अमरसिंह ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसके बड़े पिता का लडक़ा गिरधरसिंह शनिवार को सुबह अपनी पत्नी प्रकाशकंवर के साथ उपचार करवाने भीखोड़ाई आया था। यहां एक निजी क्लिनिक लगाकर बैठे तथाकथित चिकित्सक अरविंद को अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। इस दौरान अरविंद ने उसे दो-तीन इंजेक्शन लगाए गए। जिससे उसकी तबीयत और ज्यादा बिगडऩे लगी। जिस पर उसने मरीज को फलसूण्ड ले जाने का कह दिया। जिस पर परिवारजन व भीखोड़ाई के लोग उसे राजकीय अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने गिरधरसिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित अरविंद को दस्तयाब किया तथा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया।
Published on:
23 Jun 2018 08:58 pm
