
Attack on dIscom Workers and police in Raah, Bagoda, Jalore
बागोड़ा. राह गांव के एक खेत में शुक्रवार को बिजली लाइन का टॉवर लगाने गए डिस्कॉमकर्मियों व पुलिस के आठ जवानों पर ट्रेक्टर चलाकर जानलेवा हमला करने व राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला बागोड़ा पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। हमले के दौरान पुलिस कांस्टेबलों को मामूली चोटें पहुंची है। जिसमें दो महिला पुलिसकर्मी भी शामिल है। एईएन हरितपालसिंह की रिपोर्ट में बताया गया कि हमलावरों ने पुलिस के पीछे ट्रैक्टर दौड़ाकर मारने की कोशिश की। थानाप्रभारी प्रेमसिंह ने बताया कि कलक्टर के निर्देश पर राह गांव में 400 केवी बिजली लाइन का टॉवर खड़ा करने के लिए हयात खां पुत्र हलीम खां मुसलमान के खेत में कार्यवाहक एसडीएम मुरारीलाल शर्मा, तहसीलदार शंकराराम गर्ग, डिस्कॉम एक्सईएन के गजराल, एईएन हरितपालसिंह, नायब तहसीलदार हेमाराम चौधरी, उपनिरीक्षक प्रेमसिंह मय पुलिस जाब्ता व डिस्कॉम कार्मिक के साथ मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान महिलाओं व पुरुषों ने पोल लगाने से मना करते हुए राजकार्य में बाधा उत्पन्न की। प्रशासन ने लोगों से काफी समझाइश की, लेकिन वे नहीं माने। बाद में एक युवक ने खेत में खड़े पुलिसकर्मियों व बिजली कार्मिकों को जान से मारने के लिए टै्रक्टर चलाते हुए हमला कर दिया। वहीं महिलाओं व परिवार के अन्य लोग कुल्हाड़ी व लाठियों से मारने के लिए दौड़े। इसके बाद पेड़ की ओट लेकर अधिकारियों व पुलिस के जवानों ने जान बचाई। इस मामले में पुलिस ने एईएन हरितपालसिंह की रिपोर्ट पर राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने व जान से मारने के लिए हमला करने पर राह निवासी रमजान खां पुत्र हयात खां, दाउद खां पुत्र हयात खां, सिकंदर खां पुत्र हयात खां व चार महिलाओं समेत सात जनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। हमले में प्रयुक्त टै्रक्टर, तीन धारदार कुल्हाड़ी व चार लाठियां बरामद कर जब्त की गई। सातों आरोपियों को भीनमाल न्यायालय में शनिवार को पेश किया गया।
Published on:
01 Jul 2018 11:20 am
