
गिरफ्तार आरोपी। फोटो- पत्रिका
जालोर। भीनमाल शहर के हाईस्कूल रोड स्थित माहेश्वर महादेव मंदिर के पास एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल करने तथा स्कॉर्पियो से कुचलने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य हार्डकोर अपराधी भजनलाल विश्नोई के पूनासा गांव स्थित घर पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस को घर से 6 अवैध कारतूस और अवैध कारोबार से अर्जित बताए जा रहे 10 लाख 16 हजार रुपए नकद मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। साथ ही आरोपी के भाई हनुमानाराम विश्नोई को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की गई है।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस निरीक्षक राजेन्द्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि युवक के साथ मारपीट और स्कॉर्पियो से कुचलने के प्रयास के मामले में वांछित अपराधी पूनासा निवासी भजनलाल विश्नोई की तलाश की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने उसके आवास पर दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान मकान से 6 अवैध कारतूस और 10 लाख 16 हजार रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने नकदी और कारतूस जब्त कर लिए हैं। साथ ही हार्डकोर अपराधी के सगे भाई हनुमानाराम पुत्र केसाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उससे बरामद कारतूस और नकदी के स्रोत तथा अवैध कारोबार से जुड़े पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार 22 मई को हाईस्कूल रोड स्थित माहेश्वर महादेव मंदिर के पास पिकअप और स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे हार्डकोर एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधी भजनलाल विश्नोई और उसके साथियों ने शहर निवासी कृष्ण देवासी उर्फ गीगाराम देवासी पर हमला कर दिया था। आरोपियों ने पाइप और सरियों से उसकी बेरहमी से पिटाई की थी। इतना ही नहीं, युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने का भी प्रयास किया गया था। घटना के बाद जालोर के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था।
शहरवासियों ने 25 मई को उपखंड कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा था। जानकारी के अनुसार महावीर नगर-भीनमाल क्षेत्र में बालसमंद बांध के पास स्थित जमीन पर अवैध अतिक्रमण को लेकर गीगाराम देवासी ने प्रशासन को शिकायत दी थी। इसी शिकायत से नाराज होकर आरोपियों ने उस पर हमला किया था। मारपीट की इस घटना में उसके हाथ और पैर गंभीर रूप से टूट गए थे। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Updated on:
30 May 2026 05:56 pm
Published on:
30 May 2026 05:44 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
