9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में हाईटेक चोरी का पर्दाफाश: ज्वैलरी दुकान को शातिर तकनीक से बनाया निशाना, 9 किलो चांदी किए पार

राजस्थान के जालोर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 20 लाख से अधिक की चोरी की वारदात से पहले चोरों ने इंटरनेट की मदद ली। वारदात का तरीका सीखने के बाद चोरों ने ज्वैलरी दुकान से 9 किलो चांदी पार कर दी।

2 min read
Google source verification

जालोर

image

Kamal Mishra

Apr 09, 2026

Jalore crime

बरामद चोरी का माल (फोटो-पत्रिका)

जालोर। जिले में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां तीन शातिर युवकों ने पहले इंटरनेट से ताला तोड़ने का तरीका सीखा और फिर ज्वैलरी की दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए की चांदी पर हाथ साफ कर दिया। जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख से अधिक आंकी गई है। हालांकि, उनकी यह चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और वारदात के महज चार घंटे के भीतर ही पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।

मामला रामसीन थाना क्षेत्र के मोदरा स्टेशन का है। यहां मंगलवार देर रात एक ज्वैलर्स की दुकान में घुसकर चोरों ने 9 किलो से अधिक चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले इंटरनेट का सहारा लिया। इनटरनेट से सीखने के बाद चोरों ने एक अनोखी तरकीब अपनाई।

ताला तोड़ने की बताई तरकीब

आरोपियों ने पुलिस को ताला तोड़ने की पूरी तरकीब भी बताई, जो काफी घातक है। इस तरकीब के बदौलत चोरों ने बड़ी आसानी से ताला तोड़ लिया। इसके बाद तीनों आरोपी दुकान में घुस गए और वहां रखे चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो गए।

नाकाबंदी में पकड़े गए चोर

वारदात के बाद आरोपी बालोतरा के सापूनी मंडली निवासी प्रेम, बाणियावास निवासी भोमाराम और मोदरा निवासी राजेंद्र चोरी का माल लेकर बाइक से जोधपुर की ओर निकल पड़े। लेकिन उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया। बुधवार सुबह करीब पांच बजे पाली जिले के जेतपुर थाना पुलिस पाली चौराहे पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी।

बैग से निकली 9 किलो से ज्यादा चांदी

इसी दौरान जालोर की ओर से आ रहे तीन युवकों को पुलिस ने रोका। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने के लिए दादी की मौत का बहाना बनाया, लेकिन उनके बैग भारी होने पर पुलिस को शक हुआ। जब तलाशी ली गई तो बैग में 9 किलो 313 ग्राम चांदी के आभूषण मिले।

4 घंटे के अंदर पकड़े गए चोर

इसके बाद पुलिस ने तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और चोरी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली। खास बात यह रही कि मोदरा में रात करीब एक बजे चोरी हुई और सुबह पांच बजे तक पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस की सतर्कता के चलते लाखों की चोरी का खुलासा कुछ ही घंटों में हो गया। फिलहाल आरोपियों को जालोर पुलिस को सुपुर्द कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।