
कोतवाली थाने के बाहर भीड़ से समझाइश करते पुलिस अधिकारी (फोटो- पत्रिका)
Ajmer Cow Death Case: अजमेर के सुंदर विलास स्थित बापूनगर में एक गाय की मौत के बाद पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद बुधवार देर रात बवाल में बदल गया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच मारपीट और तोड़फोड़ हुई।
वहीं, थाने में समर्थकों के आमने-सामने आने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने मामला शांत कराया। कोतवाली थाना पुलिस को दोनों पक्ष ने परस्पर शिकायत दी है। देर रात तक चले घटनाक्रम में पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कपिल बजाड़ की गाय की मौत हो गई थी। पड़ोसी वीरेंद्र शर्मा ने मृत गाय को घर के सामने से हटाने को कहा। इस पर विवाद बढ़ गया और कपिल ने शर्मा परिवार पर गाय को जहर देने का आरोप लगाया।
आरोप के बाद विवाद उग्र हो गया। कपिल बजाड़ और उसके साथियों ने वीरेंद्र शर्मा के मकान में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ की। इसमें वीरेंद्र शर्मा और उनकी अधिवक्ता पत्नी अमिता शर्मा को चोटें आईं।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी अनिल देव कल्ला जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। बाद में दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। गाय को जहर देने की सूचना फैलते ही विश्व हिंदू परिषद के महानगर मंत्री किशन गुर्जर, संयोजक चेतन शर्मा, काना बसीटा, आदित्य जैन सहित बड़ी संख्या में गौरक्षक थाने पहुंच गए। कांग्रेस नेता सौरभ बजाड़ भी समर्थकों के साथ पहुंचे। स्थिति और बिगड़ने पर जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष योगेंद्र ओझा और संजय गुर्जर भी वकीलों के साथ थाने पहुंचे।
थाने में बातचीत के दौरान सौरभ बजाड़ और गौरक्षक आदित्य जैन के बीच तीखी बहस हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़ ने थाने में मौजूद दोनों पक्षों को समझाया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभू सिंह व क्लॉक टावर थाना प्रभारी भीखाराम काला भी पुलिस जाब्ते के साथ एहतियातन तैनात रहे।
विहिप महानगर मंत्री किशन गुर्जर ने कहा कि घटना की सूचना पर गौरक्षक पहुंचे थे। लेकिन बाद में स्थिति स्पष्ट हुई। उन्होंने दोनों पक्ष को सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की।
दोनों पक्षों की ओर से परस्पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच में मवेशी बांधने और वाहन पार्किंग को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा है, जो गाय की मौत के बाद बढ़ गया। शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-हिमांशु जांगिड़, एएसपी अजमेर
Updated on:
09 Apr 2026 02:20 pm
Published on:
09 Apr 2026 02:11 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
