
Governmen
जालोर. प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को सुंधा पर्वत की तलहटी से जालोर जिले में गौरव यात्रा का आगाज किया।
यहां हेलीपेड पर भाजपा के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
हेलीपेड से मुख्यमंत्री सुंधा पर्वत पर सुंध माता के दर्शन करने के बजाय सीधे ही सभा स्थल पर पहुंची। इस दौरान भाजपा सरकार जिंदाबाद के नारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। मुख्यमंत्री का मंच पर भी स्वागत कार्यक्रम हुआ। यहां कार्यक्रम के दौरान चामुंडा माता मंदिर ट्रस्ट की ओर से केरल बाढ़ पीडि़तों की सहायता के लिए ग्यारह लाख रुपए का चेक दिया गया। जिस पर सीएम राजे ने ट्रस्ट का आभार जताया। कार्यक्रम में सभास्थल पर ही सीएम राजे ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए डिजिटल शिलान्यास किया। इस दौरान तालियों की गडग़ड़ाएट से पांडाल गुंज उठा। मंच पर ही सीएम राजे ने क्षेत्र में अच्छे विकास कार्य करवाने के लिए विधायक नारायणसिंह देवल की प्रशंसा की व वहां मौजूद लोगों से उनके समर्थन में तालियां बजवाई। सीएम राजे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकास के लिए धन की कमी नहीं है। मन में सेवा का भाव होना चाहिए। प्रदेश में विकास कार्यों की शुरूआत हुई है। गुजरात की तरह हमें राजस्थान में पुन: मौका दिजिए, राजस्थान को विकास की ऊंचाइयों पर पहुंचा देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वाले कहते है कि सीएम लाभार्थियों को मंच पर बुलाती है। इस बारे में सीएम ने कहा कि यह तो लाभार्थियों का सम्मान है। सरकार ने अकेले रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में २५० करोड़ के कार्य करवाए है, तो अंदाज लगा लो जालोर जिले में कितने करोड़ हमने खर्च किए होंगे। यहां से सभा समापन के बाद सीएम आगे के लिए रवाना हुई। यहां जसवंपुरा तिराहा समेत अन्य जगह सीएम का स्वागत हुआ|
बारिश से मौसम खुशगवार
सीएम की सभा के दौरान ही सुंधा माता तलहटी पर हल्की बारिश शुरू हो गई। इस पर सीएम ने कहा कि बारिश से हमारा स्वागत हो रहा है। यह अच्छी बात है।
सुंधा माता मंदिर तक नहीं जा सकी
सुंधा माता क्षेत्र में बारिश होने व बादलों के चलते सीएम का हेलीकॉप्टर सुंधा पर्वत पर नहीं जा सका। ऐसे में सीएम केे सुंधा दर्शन कार्यक्रम में बदलाव किया गया। अब सीएम शनिवार सवेरे हेलीकॉप्टर से सुंधा माता पर्वत स्थित तीर्थ पर जाकर दर्शन व पूजा करेगी।
Published on:
31 Aug 2018 02:54 pm
