
Photo: AI-generated
जालोर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। मंडल के 11 स्टेशनों पर लिफ्ट लगाने के लिए रेलवे ने 16.37 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के तहत प्रत्येक स्टेशन पर दो-दो लिफ्ट स्थापित की जाएंगी। जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में काफी सहूलियत मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार यह निर्णय विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
वर्तमान में कई छोटे व मध्यम श्रेणी के स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म पार करने के लिए केवल फुटओवर ब्रिज ही उपलब्ध है, जिससे यात्रियों को सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में परेशानी होती है। लिफ्ट की सुविधा शुरू होने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
मंडल के जिन 11 स्टेशनों को इस योजना में शामिल किया गया है, उनमें सालावास, हनवंत, लूनी, दुदिया, अजित, समदड़ी, मोकलसर, बिशनगढ़, रानीवाड़ा, मोदरान और धनेरा स्टेशन शामिल हैं।
सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि इन स्टेशनों पर लिफ्ट लगाने की स्वीकृति मिल चुकी है और कार्य को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। पहले चरण में आवश्यक तकनीकी सर्वे, डिजाइन और टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी, इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
रेलवे द्वारा लगातार स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। लिफ्ट सुविधा शुरू होने से प्लेटफॉर्म के बीच आवाजाही आसान होगी। दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी। दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को विशेष राहत मिलेगी। स्टेशनों की समग्र सुविधा स्तर में सुधार होगा।
पिछले हफ्ते उत्तर पश्चिमी रेलवे महाप्रबंधक अमिताभ ने दौरा किया था। उस दौरे के बाद ये घोषणा और स्वीकृति हुई है। जालोर और भीनमाल स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल है। यहां पहले से ही लिफ्ट स्वीकृत है। जीएम ने जालोर में भविष्य की जरुरत को देखते हुए एस्केलेटर लगाने के निर्देश भी दिए थे।
Updated on:
27 Apr 2026 12:01 pm
Published on:
27 Apr 2026 12:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
