
वादे अपार, दावे हजार, छवि ही जीत का आधार
जीतेश रावल@ जालोर. जालोर विधानसभा क्षेत्र यूं तो सामान्य सी सीट है, लेकिन सियासी गलियारों में इस बार इस सीट पर विशेष नजर है। इस मायने में कि दोनों ही दलों ने इस बार इस सीट पर अपने प्रत्याशी बदल दिए हैं। साथ ही दोनों ही दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों की सभाएं भी इसी विधानसभा क्षेत्र को केंद्र बिंदू मानते हुए रखी गई थी। मोटे तौर पर जालोर शहर, तहसील क्षेत्र व सायला तहसील क्षेत्र का पूरा इलाका इस विधानसभा क्षेत्र में आता है। इस बार भाजपा ने अपने चिर-परिचित उम्मीदवार पर दावं खेला है, जो तीन बार विधायक एवं मंत्री रह चुके हैं। वर्ष-१९९०, १९९३ व वर्ष-२००३ में वे जालोर से विधायक रहे। गत बार उनका टिकट काटकर भाजपा ने नया चेहरा मैदान में उतारा था, लेकिन इस बार वापस उन्हीं पर दावं आजमाया जा रहा है। उधर, कांग्रेस ने ग्रामीण पृष्ठभूमि से आईं नेत्री पर भरोसा जताया है, जो जिला प्रमुख भी रह चुकी हैं। इस सीट पर दोनों ही प्रत्याशियों के लिए यह राहतजनक रहेगा कि उनके वोट बैंक में सीधे तौर पर सेंध मारने वाला कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं है। दोनों के बीच सीधे मुकाबले की स्थिति बनी हुई है। वैसे इस क्षेत्र में अनुसूचित जाति में भी जाति विशेष के वोटर्स ज्यादा है। इन वोटों के आधार पर हार-जीत के समीकरण तय हो सकते हैं। ऐसे में राजनीतिक दल भी जोड़-तोड़ में लगे हुए हैं।
मूर्त रूप नहीं ले पाए वादे
चुनावी समर को लेकर इन दिनों गांवों में चौपाल भी जम रही है। इसमें चुनावी मुद्दे उठ रहे हैं। लोग परस्पर चर्चा करते हुए विभिन्न समीकरण बनाते नजर आ रहे हैं। किसी को रेलवे ओवरब्रिज का इंतजार है तो किसी को शुद्ध व पर्याप्त पेयजल की आवश्यकता है। लेटा मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर जाम में फंसे वाहन चालक नेमाराम ने बताया कि यह रोज की समस्या है। दिनभर में कई घंटे फाटक पर ही बीत जाते हैं। यहां ओवरब्रिज बनाने को लेकर नेताओं ने वादे भी किए गए, लेकिन वादे मूर्त रूप नहीं ले पाए। गृहिणी संगीतादेवी ने बताया कि पानी की अक्सर किल्लत रहती है। गर्मी के दिनों में भारी समस्या होती है। नर्मदा का पानी पर्याप्त रूप से देने का वादा किया जाता है, लेकिन यह अब भी सपना ही बना हुआ है। क्लोजर के कारण कई दिनों तक पानी नहीं मिल पाता।
नहीं मिट रही समस्या
उधर, विधानसभा क्षेत्र में लोग अर्से से विभिन्न समस्याएं झेल रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। शहर से जोधपुर व सिरोही मार्ग पर दोनों ओर बाहर निकलते ही टूटे-फूटे मार्ग पर टोल चुकाने की समस्या झेलनी पड़ रही है। साथ ही पेयजल समस्या, नर्मदा का पानी नियमित रूप से पहुंचने, जवाई बांध के पानी पर हक निर्धारण करने की जद्दोजहद, शहर में लेटा मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने जैसी समस्याएं भी प्रमुख है।
जनता की जरूरत
- जिला मुख्यालय पर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक
- जालोर राजकीय महाविद्यालय में कृषि संकाय
- सायला उपखंड मुख्यालय पर सरकारी कॉलेज
- नर्मदा, जवाई या माही बांध से नियमित जलापूर्ति
दोनों प्रत्याशियों का हाल
मंजू मेघवाल, कांग्रेस
ताकत:नया चेहरा एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आईं यह नेत्री जिला प्रमुख रह चुकी हैं। युवक कांग्रेस में चुनाव के जरिए लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष रह चुकी हैं।
कमजोरी:ग्रामीण राजनीति का अनुभव है, लेकिन विधायकी का कोई अनुभव नहीं। शहरी मतदाताओं से ज्यादा जुड़ाव नहीं।
जोगेश्वर गर्ग, भाजपा
ताकत:तीन बार विधायक एवं मंत्री रहने का लम्बा अनुभव। आरएसएस से जुड़ाव होने से कार्यकर्ताओं से नियमित सम्पर्क एवं अच्छी पकड़।
कमजोरी:पिछले दस वर्षों से विधायकी से बाहर होने के कारण कार्यकर्ताओं से लगभग अलग-थलग। नए सिरे से कर रहे हैं जुड़ाव।
अनुमानित मतदाता जातिवार
मेघवाल व अन्य एससी ४५ हजार
चौधरी २० हजार
राजपूत, भोमिया व रावणा ३० हजार
राजपुरोहित व अन्य ब्राह्मण ३८ हजार
माली २० हजार
प्रजापत-घांची १२ हजार
रेबारी १८ हजार
मुस्लिम १५ हजार
जैन-वैश्य १३ हजार
मीणा-भील १५ हजार
(यह आंकड़े पार्टी पदाधिकारियों से जुटाए गए हैं, जो कम ज्यादा हो सकते हैं)
विधानसभा प्रोफाइल
मतदाता बढ़े- ४०,०५१
कुल मतदाता- २,६५,६७६
पुरुष मतदाता- १४०५९२
महिला मतदाता- १२५०८२
अन्य मतदाता- २
२००८ में रामलाल मेघवाल जीते
मत प्रतिशत
कांग्रेस- ५१.९४
भाजपा- ३५.९२
२०१३ में अमृता मेघवाल जीतीं
मत प्रतिशत
भाजपा - ६०.५५
कांग्रेस - २६.८४
स्वच्छ छवि वाले को दूंगा वोट...
मैं विधानसभा चुनाव में अपना पहला वोट स्वच्छ छवि वाले व ईमानदार प्रत्याशी को दूंगा। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने वाले को मतदान में प्राथमिकता दूंगा।
खेतसिंह राजपुरोहित,नवमतदाता, जालोर
सोच समझकर दूंगी वोट...
मैं अपना वोट सोच समझकर दूंगी। मैं ऐसे प्रत्याशी का चयन करूंगी जो बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने में समक्ष हो। साथ ही महिला स्वावलम्बन को लेकर योजनाएं लागू करे।
-संतोष, गृहिणी,जालोर
Published on:
04 Dec 2018 12:44 pm
