
फाइल फोटो
जालोर। रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत मोदरान रेलवे स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत किया है। यह ठहराव 20 अप्रेल से नियमित रूप से लागू हो जाएगा। इस निर्णय से दक्षिण भारत और मारवाड़ के बीच सीधी कनेक्टिविटी और मजबूत होगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
यह वीडियो भी देखें
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि लूनी-भीलड़ी रेलखंड के मोदरान स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव शुरू किया जा रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन संख्या 20626 भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जो सप्ताह में पांच दिन संचालित होती है, मोदरान स्टेशन पर सुबह 8.24 बजे पहुंचेगी और 8.27 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं ट्रेन संख्या 20625 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जो सप्ताह में पांच दिन चलती है, 21 अप्रेल से मोदरान स्टेशन पर सुबह 7.43 बजे पहुंचेगी और 7.46 बजे रवाना होगी।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस नए ठहराव के कारण ट्रेन के अन्य स्टेशनों पर ठहराव और संचालन समय में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। इस ठहराव से मोदरान और आसपास के ग्रामीण व कस्बाई क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अब अन्य बड़े स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे समय की बचत के साथ यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।
यह ट्रेन राजस्थान से चलकर गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे प्रमुख राज्यों से मोदरान को सीधे जोड़ेगी। इस रूट के माध्यम से पश्चिम और दक्षिण भारत के बीच मजबूत रेल संपर्क स्थापित होता है। इससे व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए रेलवे का आभार जताया है।
Published on:
19 Apr 2026 02:56 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
