
Jalore: सांचौर स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने पहुंची एसयूवी (फोटो- पत्रिका नेटवर्क)
जालोर। जिले के सांचौर क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला डभाल रोड स्थित एक पेट्रोल पंप का है, जहां गुरुवार देर रात बिना नंबर प्लेट और काले शीशों वाली स्कॉर्पियो में पहुंचे बदमाश करीब 4500 रुपए का डीजल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार हो गए। घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, वहीं इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार देर रात एक संदिग्ध स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप पर पहुंची। वाहन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उसके शीशे भी काले रंग की फिल्म से ढके हुए थे। गाड़ी में सवार लोगों ने सामान्य ग्राहक की तरह वाहन में डीजल भरवाया। कर्मचारियों ने करीब साढ़े चार हजार रुपए का डीजल भर दिया, लेकिन भुगतान करने के बजाय बदमाश अचानक तेज रफ्तार से वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना से घबराए पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन बिना नंबर की गाड़ी होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।
इसके बाद पेट्रोल पंप संचालक सांचौर पुलिस थाने पहुंचा और पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जालोर पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के संभावित रास्तों का पता लगाने में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं बढ़ने से लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दूसरी तरफ शिव शक्ति नास्ता सेंटर के बाहर एक युवक अपनी बाइक खड़ी कर अंदर नाश्ता करने गया। उसी दौरान अज्ञात चोर उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। यह सब कुछ इतनी आसानी से हुआ कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए। पीड़ित अनाराम पुत्र लाखाराम, निवासी डडुसन ने पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि वह करीब 5 से 6 बजे के बीच दुकान के अंदर था और बाहर खड़ी उसकी बाइक को चोर उठाकर ले गए।
Published on:
19 Jun 2026 06:51 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
