5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गोलासन मंदिर से दान-पात्र चोरी

चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद, आरोपी का नहीं लग पाया सुराग
2 min read
Google source verification
Theft in Golasan Hanuman temple sanchore

Theft for the fourth time in three years in the Golasan temple

सांचौर. गोलासन स्थित हनुमान मंदिर से मंगलवार रात चोर तीन दान-पात्र उठा ले गए। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेकिन पुलिस को अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। सूचना पर पुलिस ने बुधवार सवेरे मौका मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज व अन्य रिकॉर्ड जुटाए। वारदात को लेकर महावीर हनुमान ट्रस्ट मंडल के अध्यक्ष प्रतापसिंह राव ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। गौरतलब है कि गोलासन हनुमान मंदिर में पिछले तीन-चार साल में चोरी की यह चौथी वारदात हुई है। ये सभी मामले पुलिस थाने में दर्ज हैं, लेकिन पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। इस मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की जेब काट कर जेबकतरों की ओर से रुपए चुराने व महिला श्रद्धालुओं के गहने चोरी करने की वारदातें भी हो चुकी है। इसके बावजूद पुलिस की ओर से सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
तीन साल मेंं चौथी वारदात
गोलासन स्थित हुनमान मंदिर में दानपात्र से नगदी चुराने की यह चौथी वारदात है। इसके बावजूद पुलिस की ओर से खुलासे के नाम पर महज खानापूर्ति कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। गोलासन मंदिर से दिसम्बर 2014 में दानपात्र से नगदी, चांदी के मुकुट और गहने चोरी हुए थे। जिसका प्रकरण संाचौर पुलिस थाने में दर्ज है। वहीं 23 सितम्बर 2016 को भी मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इसी तरह वर्ष 2017 में भी मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया और अब 7 अगस्त 2018 को रात करीब 2 बजे चोर दानपात्र चुरा ले गए। जिसमें करीब 45 हजार की नगदी थी।
बार-बार वारदात को लेकर श्रद्धालुओं में रोष
गोलासन स्थित हनुमान मंदिर में बार-बार चोरी की वारदातों से श्रद्धालुओं व ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने बताया कि धार्मिक स्थल पर बार-बार चोरी की वारदातों से लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है। जिसकी प्रशासन को कई बार श्किायत करने के बावजूद इसे गम्भीरता से नहीं लिया जा रहा है। ग्रामीणों ने वारदात का जल्द खुलासा करने की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
आस्था का केंद्र है गोलासन हनुमान मंदिर
गोलासन स्थित हनुमान मंदिर में सांचौर ही नहीं, बल्कि पड़ोसी गुजरात राज्य के अलावा बाड़मेर, जैसलमेर, सिरोही, रानीवाड़ा और भीनमाल सहित अन्य जगहों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। वहीं अधिकांश श्रद्धालु यहां पैदल चलकर दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
इनका कहना...
मंदिर में चोरी की यह चौथी वारदात है। इसको लेकर पुलिस को लिखित में भी कई बार रिपोर्ट दे रखी है, लेकिन एक भी वारदात का आज दिन तक खुलासा नहीं हुआ है। वहीं मंदिर की सुरक्षा को लेकर पुलिसकर्मी की स्थाई ड्यूटी लगानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं हो।
- भीखाराम सोनी, ट्रस्टी, हनुमान मंदिर गोलासन