
Chhattisgarh Employees News ( Patrika File Photo )
ACB Raid: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को सक्ती जिले में ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी बिलासपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव की सरस्वती जायसवाल द्वारा उसके और उसके परिवार के खिलाफ मारपीट का मामला चंद्रपुर थाना में दर्ज कराया गया था। इस मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में ASI एस.एन. मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान मामला सही पाया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ASI एस.एन. मिश्रा प्रार्थी से पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था, जबकि शेष 20 हजार रुपये लेना बाकी था। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। रविवार को प्रार्थी ने आरोपी को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में बाकी रकम देने के लिए बुलाया। जैसे ही आरोपी ने 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से मौजूद एसीबी बिलासपुर की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ASI के खिलाफ पहले से भी रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। फिलहाल एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
साल 2026 की पहली बड़ी कार्रवाई, 1 लाख रिश्वत लेते SDM ऑफिस का बाबू गिरफ्तार, टीम पहुंची तो कैश फेंका- नए साल 2026 की शुरुआत में ही भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रायगढ़ जिले में पहली बड़ी कामयाबी हासिल की है। ACB की बिलासपुर इकाई ने धर्मजयगढ़ SDM कार्यालय में पदस्थ बाबू (लिपिक) को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है… पूरी खबर पढ़े
Updated on:
10 May 2026 07:04 pm
Published on:
10 May 2026 07:04 pm
