
शादी का झांसा देकर नाबालिग का किडनैप, परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
जांजगीर-चांपा. हसौद थानांतर्गत एक नाबालिग का अपहरण का मामला सामने आया है। सिवनी नैला निवासी युवक नाबालिग को शादी का झांसा देकर पहले किडनैप किया, फिर उसे अपने गांव सिवनी नैला में रखा था। परिजन काफी दिनों तक नाबालिग की तलाश किए, फिर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपी युवक के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।
हसौद पुलिस के मुताबिक नैला सिवनी का युवक राकेश कुमार बरेठ पिता संतोष (20) का हसौद क्षेत्र में आना जाना था। उसका परिचय एक नाबालिग लड़की से हुआ। राकेश बरेठ नाबालिग से शादी करने का झांसा दिया और 16 जुलाई 2018 को नाबालिग को अपनी बाइक में बिठाकर अपने गांव सिवनी लेकर आ गया। नाबालिग के परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया।
Read More : Video- पुलिया को मिट्टी से पाटकर ऊपर से बना दिया सड़क, अब किसानों के खेत में भर रहा पानी
आखिरकार नाबालिग की मां ने मामले की सूचना हसौद थाने में दी थी। हसौद पुलिस ने आरोपी राकेश बरेठ के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच कर रही थी। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को सिवनी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने जेल दाखिल कर दिया है।
इसलिए नहीं जुड़ा दुष्कर्म का केस
हसौद थाना प्रभारी पैकरा के मुताबिक नाबालिग लड़की डॉक्टरी मुलाहिजा कराना नहीं चाही। पुलिस ने बताया कि नाबालिग का कहना था कि उसके साथ ऐसा कुछ गलत नहीं हुआ है तो डॉक्टरी मुलाहिजा क्यों कराएं। पुलिस ने बताया कि नाबालिग का कहना था कि वह अपहरणकर्ता युवक के साथ नहीं बल्कि उसकी मां के साथ रह रही थी। इसके चलते पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 का अपराध दर्ज नहीं किया है।
Published on:
22 Jul 2018, 8:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.