
व्यापारी के घर के सामने खड़ी कार को ले गए चोर, जांच में जुटी पुलिस
जांजगीर बिर्रा. छत्तीसगढ ग्रामीण बैंक बिर्रा के सामने चाम्पा रोड मुख्य मार्ग पर स्थित रामकुमार देवांगन के घर पर ही कपड़ा दुकान है। जहां घर के बाहर दरवाजे के पास उनकी कार खड़ी थी। रोज की तरह 4 जुलाई को रात 8 बजे दुकान बंद कर भोजन के पश्चात सो गये। इसी बीच अज्ञात चोरों ने रात में कार पार कर चोरी को अंजाम दे दिया ।
सुबह उठने के बाद पता चला कि उनका ग्रे कलर की कार सीजी 11 एजी 6300 घर से बाहर गायब मिला, जिसकी सूचना कार मालिक राहूल देवांगन पिता रामकुमार देवांगन उम्र 23 वर्ष ने बिर्रा थाना में देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस पर थाना प्रभारी के पी टंडन के द्वारा घटनास्थल का मुआयना कर अज्ञात वाहन चोर के विरूद्ध 379 के तहत मामला दर्ज किया गया एवं कार चोर की पतासाजी की जा रही है।
इसके पहले भी हो चुकी चोरी
लगातार हो रही चोरी से लोगों में दहशत व्याप्त है। बिर्रा क्षेत्र में अवागमन तेज होने के साथ-साथ बाहरी लोगों का आना-जाना बढ़ गया है, जिससे आए दिन चोरी की वारदातें हो रहीं हैं। अभी दो दिन पूर्व ही शारदा ज्वेलर्स में दिनदहाड़े, 50 हजार रुपए के सोने के लॉकेट पार कर दिया गया। इसके साथ ही घिंवरा गोलीकांड में भी सेवा सहकारी समिति घिंवरा के अध्यक्ष संतोष कश्यप के यहां पिस्तौल से हवाई फायरिंग हुई थी, उसमें भी पुलिस नाकाम नजर आ रही है ।
-सीसीटीवी कैमरे फुटेज से भी पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में लगातार हो रही इन वारदातों से लोग दहशतगर्द है। पुलिस द्वारा यदि सघन गश्त कर संदिग्धों से पूछताछ किया जाय तो गिरोह तक पहुंचा जा सकता है और ऐसे अपराधों पर अंकुश लग सकता है।
Updated on:
5 Jul 2018, 7:22 PM IST
Published on:
5 Jul 2018, 7:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.