
अवकाश के आदेश के बावजूद लग रहीं क्लासेस (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG News: राज्य सरकार द्वारा भीषण गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए 20 अप्रैल से 15 जून तक प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है। बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया था।
जानकारी के अनुसार, इसके बावजूद अकलतरा स्थित अग्रसेन चौक के लॉयंस डीएवी पब्लिक स्कूल में इस आदेश की अनदेखी कर कक्षाएं संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसे में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को सुबह 8.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक स्कूल बुलाया जा रहा है।
स्कूल प्राचार्य का कहना है कि यह एक्स्ट्रा क्लास कोर्स पूरा करने के लिए लगाई जा रही हैं। हालांकि, अभिभावक इसे बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बता रहे हैं और उनमें इसे लेकर आक्रोश व्याप्त है।
अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि तेज धूप और लू के बावजूद बच्चों को प्रार्थना के लिए मैदान में खड़ा किया जाता है। कई बच्चों में चक्कर आना, सिरदर्द और थकान जैसी शिकायतें सामने आई हैं, जिससे उनके बीमार पडऩे का खतरा बढ़ गया है। इसके अतिरिक्त, स्कूल ड्रेस अनिवार्य कर दी गई है और ड्रेस में नहीं आने वाले बच्चों को वापस भेज दिया जाता है। पामगढ़ और शिवरीनारायण से आने वाले अभिभावकों ने बताया कि उनके बच्चे सुबह 7 बजे घर से निकलते हैं और दोपहर 2 बजे तक घर पहुंचते हैं, जिससे उन्हें कड़ी धूप और गर्म हवाओं में रहना पड़ता है।
अभिभावकों की यह भी शिकायत है कि अवकाश लेने पर उसे सालाना उपस्थिति में जोड़ दिया जाता है, जिसके कारण वे बच्चों को स्कूल जाने से नहीं रोक पाते हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के स्पष्ट आदेश के बावजूद निजी स्कूल प्रशासन द्वारा सरकारी आदेशों की अनदेखी पर सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में प्राचार्य से बात करने पर उन्होंने कहा कि कोरबा में भी कई स्कूल चल रहे हैं, वहां कोई दिक्कत नहीं है। उनका यह बयान शासन के आदेशों को हल्के में लेने जैसा माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी स्कूल के प्राचार्य पर प्रार्थना के दौरान राष्ट्रगान नहीं कराने का आरोप लगा था। मामला बढऩे पर हस्तक्षेप के बाद ही विद्यालय में राष्ट्रगान शुरू कराया गया था।
क्या लॉयंस डीएवी पब्लिक स्कूल प्रबंधन शासन से ऊपर है? अगर किसी बच्चे की तबीयत बिगड़ती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाता है और क्या बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की जाती है या नहीं।
श्रीकांत द्विवेदी, बीईओ, अकलतरा के मुताबिक, मामले की जानकारी आपसे मिली है,तत्काल स्कूल को बंद करवा दिया गया है। नोटिस भेज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सुमित बघेल, एसडीएम, अकलतरा के मुताबिक, शासन के आदेशों को नहीं मानने वाले स्कूलों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। बीईओ को निर्देश दिए गए हैं। स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की जाएगी।
सुनील श्रीवास्तव, प्राचार्य लॉयंस डीएवी पब्लिक स्कूल, अकलतरा के मुताबिक, बच्चों को एक्स्ट्रा क्लास के किए बुलाया गया है। कोरबा तरफ बहुत से स्कूल खुले हैं, हमारे जिले में कितने स्कूल अभी चल रहे हैं पता करते हैं, फिर देखते है।
Published on:
22 Apr 2026 03:03 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
