
जल जीवन मिशन का करोड़ों का काम अधूरा छोड़कर भूमिगत हुआ ठेकेदार
जांजगीर-चांपा। जल जीवन मिशन के तहत दर्रीटांड़ में तकरीबन एक करोड़ रुपए का काम स्वीकृत हुआ है।
देकेदार के द्वारा अब तक ८० फीसदी काम करा लेना था लेकिन साल भर बीत जाने के बाद अधूरे पानी टंकी निर्माण कर छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों द्वारा ठेकेदार का नाम पता करने पर कुछ पता नहीं चल पा रहा है। क्योंकि ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर भूमिगत हो गया है। वर्तमान में आधा अधूरा काम होने से ग्रामीणों को कई तरह की दिक्कतें हो रही है। एक तो पानी के लिए जो हैंडपंप था उसमें बोर फिट कर दिया है उसमें से भी लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। जिसके चलते ग्रामीणों को मुक्तिधाम के बोर से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीण तुलसी नायक ने बताया कि गांव के माता चौरा के पास लगा हैंडपम्प में बोर फिट करके ठेकेदार के भूमिगत हो जाने के कारण आस पास के लोगों को मुक्तिधाम से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। बोर से न पानी आ रहा है न कुछ। ऐसे में ग्रामीणों को बारिश के दिनों में भी बूंद बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
पाइप लाइन का किया विस्तार लेकिन नहीं बनाई सड़क
गांव में पाइप लाइन के विस्तार के लिए सीसी रोड़ को उखाड़ दिया गया है। यही सीसी रोड अब गांव वालों के लिए जी का जंजाल बन गया है। क्योंकि गांव की गली सीसी रोड नहीं होने से कीचड़ युक्त हो चुका है। जिसमें आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के निजात के लिए ग्रामीणों ने कई बार ठेकेदार को आगाह किया लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी को लेकर जो विकास कार्य हो रहा है वह ग्रामीणों के लिए विकास के बजाए विनाश का कारण बन चुका है।
कमाई का जरिया बना मिशन
जल जीवन मिशन विभागीय अधिकारियों के लिए कमाई का जरिया बनते जा रहा है। क्योंकि जांजगीर व सक्ती जिले मिलाकर तकरीबन ८०० गांव में ६०० करोड़ रुपए राशि जारी हुई है। लेकिन विभागीय अधिकारियों के लिए यह योजना कमाई का जरिया बन चुका है। न तो इसकी मॉनिटरिंग हो रही है और न ही शिकायत की जांच। शिकायत यदि हो भी जाती है तो जांच अधिकारियों की जेब भर दी जाती है। जिससे शिकायत का नतीजा कुछ भी नहीं निकलता। बीते दिनों भाजपा नेता प्रशांत सिंह ठाकुर ने जल जीवन मिशन की शिकायत प्रमुख सचिव से की थी, जांच टीम आई थी और जांच की औपचारिकता निभाकर चली गई।
हाथीटिकरा में भी यही दिक्कत
जांजगीर जिला मुख्यालय से लगे ग्राम हाथीटिकरा में जल जीवन मिशन के तहत एक करोड़ रुपए का काम स्वीकृत हुआ है। यहां भी ग्रामीणों को योजना के तहत काम में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण शिवशंकर यादव ने बताया कि यहां पाइप लाइन विस्तार के लिए सड़क को खोदी गई है लेकिन उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। जिससे पूरे गांव में घुटने भर का पानी भरा है। इतना ही नहीं गांव की गलियां कीचड़ से सराबोर हो चुका है। ग्रामीण सरपंच तिहारू पटेल के पास इसकी मरम्मत के लिए जाते हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं होती। न ही जल जीवन मिशन का ठेकेदार इस दिशा में कारगर कदम उठा रहा है। जिसके चलते ग्रामीणों को दिक्कतों सामना करना पड़ता है।
जहां जहां भी शिकायतें मिल रही है वहां वहां ठेकेदार को काम ठीक करने का अल्टीमेटम दिया गया है। लेकिन इस दिशा में काम हो नहीं रहा है। ठेकेदारों को नोटिस दिया जाएगा।
- एसके शुक्ला, ईई पीएचई
Published on:
27 Jun 2023 09:16 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
