
युवक की फांसी की घटना में नया मोड़
शिवरीनारायण. खरौद नगर के कुटीपारा में हुए प्रेमी युवक की फांसी की घटना में नया मोड़ आया है। युवक के परिजनों ने शुक्रवार को शिवरीनारायण थाने पहुंच कर थाना प्रभारी को युवक द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट सौपा है।
उसमें मृतक ने अपने साथ कोई भी अनहोनी होने के लिए प्रेमिका के परिजनों का हाथ होने की बात लिखा है। मृतक ने लड़की के परिजनों का नाम का जिक्र अपने सुसाइड नोट में करके संदेह को पुख्ता कर दिया है। परिनजों का कहना है कि सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं प्रेमिका से और प्रेमिका मुझ से प्यार करते हैं।
यह बात प्रेमिका के घर वालों को जानकारी होने पर उन्होंने मुझे जान से मारने की धमकी दी है। यदि मेरी मौत किसी भी कारण से होती है तो इसमें पूरा हाथ प्रेमिका के परिजनों का होगा।
शिवरीनारायण थाने पहुंचे मृतक की दीदी पुष्पा ने इस पूरे घटनाक्रम में लड़की के परिजनों की संलिप्तता होना बताया है। पुष्पा ने अपने बयान में कहा कि मेरे भाई की हत्या हुई है उसे मार कर फांसी पर लटकाया गया है। मेरे भाई की मृत्यु का कारण उसकी प्रेमिका के परिजन है।
जिस लड़की को हॉस्पिटल में गम्भीर अवस्था एडमिट करने की बात सामने आ रही है वो पूरी तरह से झूठ है लड़की पूरी तरह से स्वस्थ है। वह अपने घर में है और पत्थर खदान में काम करने भी जा रही है। बहन ने पुलिस को बताया कि उसका भाई घर में अकेला रहता था। घर में उसके अलावा अन्य कोई महिला नहीं रहती थी फिर उसने फांसी लगाने के लिए साड़ी कहां से पाई।
घर में केवल एक ही फांसी का फंदा मिला है जबकि लड़की ने खुद कहा है कि हम दोनों एक साथ फांसी पर लटक रहे थे। उस दौरान लड़की का पैर कुर्सी पर पडऩे से बच गया और तब तक लड़का फंदे पर झूल गया था। रोती बिलखती बहन ने कहा कि यदि उसके भाई को इंसाफ नहीं मिला तो वह अपने अन्य परिजनों के साथ थाने में ही आत्महत्या कर लेंगे।
पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई जांच शुरू नहीं की है। जबकि 10 जुलाई को बनवारी लाल आदित्य (27) की मौत हो गई थी। यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग का है। उधर पुलिस का कहना है कि वह मामले में जांच कर रही है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि सच्चाई क्या है।
-मृतक की पोस्टपार्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नही हुई है पीएम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण पता चल जाएगा।पुलिस हर बिंदु पर अपनी तफ्तीश लगातार कर रही है।
-अजय शंकर त्रिपाठी, थाना प्रभारी शिवरीनारायण
Published on:
14 Jul 2018, 12:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.