
तालाब में डूबने से दो मासूम सगी बहनों की मौत ( Photo - Patrika )
Janjgir Champa: अविनाश सिंह.जांजगीर चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र के ग्राम अर्जुनी में गुरुवार दोपहर हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। तालाब में डूबने से एक ही परिवार की दो मासूम सगी बहनों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृत बच्चियों की पहचान ग्राम अर्जुनी निवासी अशोक रात्रे की पुत्री 9 वर्षीय मुस्कान रात्रे एवं 8 वर्षीय श्रुति रात्रे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों बच्चियां अपनी दादी के साथ गांव के स्कूल के पास स्थित तालाब में नहाने गई थीं। उस समय उनकी दादी तालाब किनारे बैठकर कपड़े धो रही थीं, जबकि दोनों बच्चियां तालाब के किनारे खेल रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेलते-खेलते दोनों बच्चियां धीरे-धीरे तालाब के गहरे हिस्से की ओर चली गईं। पानी अधिक गहरा होने के कारण वे संभल नहीं सकीं और देखते ही देखते डूबने लगीं। कुछ देर तक जब बच्चियां दिखाई नहीं दीं तो उनकी दादी ने आसपास तलाश शुरू की। बच्चियों का कहीं पता नहीं चलने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे।
देखते ही देखते तालाब किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों ने बच्चियों की खोजबीन शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को तालाब के पानी से बाहर निकाला गया। उस समय दोनों की हालत गंभीर थी। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया गया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार एवं थाना अकलतरा की पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे अर्जुनी गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की असमय मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव में जहां भी इस घटना की चर्चा हो रही है, लोग इसे बेहद दुखद बता रहे हैं। मासूम मुस्कान और श्रुति की खिलखिलाहट अब हमेशा के लिए थम गई, जिससे पूरा गांव गम में डूब गया है।
Updated on:
21 May 2026 04:02 pm
Published on:
21 May 2026 03:58 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
