
जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जलसा निकलेगा शानो शौकत से
जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जलसा निकलेगा शानो शौकत से
-दो जगह से शुरु होगे जुलूस
-जितेंद्र जैकी-
झालावाड़. जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर बुधवार को शहर में जलसा होगा। इस दौरान बड़ी ही शानो-शौकत से जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस दो जगह से शुरु होगा और मामू भानेज की दरगाह पर मुक्तसर तकरीर के बाद सलातोसलाम के साथ सम्पन्न होगा। इसकी तैयारियां भी मुकम्मल हो चुकी है। शहर में इस दौरान कई जगह जुलूस का भव्य इस्तकबाल किया जाएगा। सीरत पाक वेलफेयर सोसायटी के नायब सदर नफीस शेख व प्रवक्ता फारुख अहमद ने बताया कि इस अवसर पर बुधवार सुबह 10 बजे मस्जिद चाकरान ईदगाह रोड़ से जुलूस शुरु होगा। जो शहर के मुख्य मार्गो तबेला रोड़, आजाद मार्ग, सर्राफा बाजार, बैंक चौराहा, मंगलपुरा व मूर्ति चौराहा होता हुआ दरगाह मामा भानजे पर समाप्त होगा। जुलूस में सबसे आगे ऊंटों व घोड़ों पर सवार हाजी लोगों का काफिला हेागा। ओलेमाओं की जमात व शहर के नातख्वाह नाते पाक पढ़ते चलेगे। इसके बाद एक खुले वाहन में शहर काजी अब्दुल रहमान लोगों को मुबारकबाद देते हुए चलेगे। उनके पीछे मदरसों के बच्चे नबी की शान में नाते-पाक पढ़ते चलेगें।
वहीं दूसरी ओर सीरातुन्नबी कमेटी की जानिब से भी ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस निकाला जाएगा। कमेटी के प्रवक्ता जावेद खां ने बताया कि जुलूस सुबह 9 बजे कालेशाह बाबा की दरगाह से शुरू होकर महिला थाने के सामने, केन्द्रीय सहकारी बैंक के पास डपोले में से होकर मंगलपुरा, मूर्ति चौराहा, मामा भानजे की दरगाह पर पहुंचेगा। जुलूस मौलाना अब्दुल मजिद कौसर की सरपस्ती में एवं मोहम्मद शफीक खान की सदारत में निकाला जायेगा।
होगा रक्तदान शिविर
झालावाड़. ईद मिलादुन्नबी पर आवाम हेल्पिंग ग्रुप की ओर से बुधवार को भवानी क्लब के सामने रक्तदान शिविर होगा। ग्रुप के मोहम्मद आरिफ व असलम खान मंसूरी ने बताया कि शिविर प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
Published on:
20 Nov 2018 07:20 pm
