
छह घंटे में बदलेंगे किसानों के ट्रांसफार्मर-राजे
झालावाड़/अकलेरा.किसानों को उनके खराब ट्रांसफार्मर बदलने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ें, इसके लिए सरकार ने किसान ट्रांसफार्मर परिवर्तन सिस्टम की शुरूआत की है। 'बिजली मित्रÓमोबाइल एप पर शिकायत करने के छह घंटे में किसानों के खराब ट्रांसफार्मर बदल दिए जाएंगे। इस योजना की शुरूआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में झालावाड़ जिले से की जा रही है। धीरे-धीरे इस योजना को संपूर्ण राज्य में लागू किया जाएगा। यह बात सोमवार को मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र के लोगों से अकलेरा में एक निजी होटल में जनसंवाद के दौरान सीएम वसुन्धरा राजे ने कही। किसान कालूराम, नंदकिशोर और ग्यारसी राम ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद उन्होंने बिजली मित्र एप पर शिकायत की। जिस पर बिजली विभाग ने तीन घंटे के अंदर ही उनके ट्रांसफार्मर को बदल दिया। पहले खराब डीपी बदलने के लिए उन्हें छह से सात दिन तक का समय लग जाता था। निजी होटल में मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम के लिए सुबह से ही भीड़ जुटना शुरू हो गई। बारिश के बावजूद भी लोग जुटे रहे। मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंची। यहां एकत्रित ग्रामीणों से मिली और उनके ज्ञापन भी लिए। जनसंवाद कार्यक्रम स्थल पर सबसे पहले प्रबुद्ध लोगों से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर कई मामलों में चर्चा भी की।
कभी नही बैठे हवाई जहाज मे-
प्रबुद्धजनों से सवाद में मुख्यमंत्री ने तीर्थ यात्रा के लाभार्थियों से बात की तो प्रबुद्धजनों ने बताया कि वह जीवन में कभी भी हवाई जहाज में नहीं बैठे थे, लेकिन सरकार की इस योजना से उन्हें हवाई जहाज में बैठने का अवसर मिला। उन्होंने सुझाव दिया कि इस योजना में यात्रियों की निर्धारित संख्या को भी बढ़ाया जाए। वहीं अधिवक्ताओं ने बार रूम के लिए बजट देने मंडी व्यापारियों ने कृषि मंडी को ए श्रेणी में क्रमोन्नत करने, पेंशनरों ने 7 वें वेतमान पर आभार जताया। सेवानिवृत्त शिक्षक रामस्वरूप शर्मा ने कस्बे में राजकीय महाविद्यालय खोलने की मांग रखी। इस दौरान सांसद दुष्यन्त सिंह विधायक कंवरलाल मीणा समेत लोग मौजूद रहे। लाभार्थियों को इस दौरान चेक प्रमाण पत्र सौंपा।
12 करोड़ की सड़कों और पुलों की सौगात-
राजे ने जनसंवाद के दौरान मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र में 12 करोड़ रूपए के सड़क तथा पुल निर्माण कार्यों की घोषण की। उन्होंने 1 करोड़ 15 लाख रूपए से ताजपुरिया से बोरखंडी सड़क पर घोड़ापछाड़ नदी की पुलिया पर अतिरिक्त 7 स्पान निर्माण कार्य, 2 करोड़ 10 लाख से थरोल गिरधर की चक्की से रीछवा रोड तक साढ़े तीन किलोमीटर सड़क, 2 करोड़ 70 लाख की लागत से बुधवाड़ा से रीछड़ी तक सड़क निर्माण कार्य, 3 करोड़ 30 लाख से कानवा से जालमपुरा सोरम का पुरा तक सड़क निर्माण कार्य तथा 2 करोड़ 70 लाख रूपए से जूना खेड़ा से धानौदा तक सड़क निर्माण कार्यों की घोषणा की।
जिले के विकास को लगेंगे चार चांद-
सीएम राजे ने जनसंवाद में कहा कि जिले में औद्योगिक विकास गति पकड़ रहा है। टेक्सटाइल्स क्षेत्र में वल्लभ पित्ती गु्रप के 2 हजार करोड़ रुपए के निवेश से 4 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही हवाई जहाज के मेंटिनेंस, रिपेयर और ओवरहॉलिंग एमआरओ की प्रस्तावित इकाई से तो यहां के विकास को चार चांद लग जाएंगे। जनसंवाद के दौरान प्रबुद्धजनों ने कहा कि जब से मुख्यमंत्री से रिश्ता कायम हुआ है यहां अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। पहले बारिश के समय झालावाड़ में रास्ते बंद हो जाते थे,लेकिन सड़कों और पुलियाओं का जैसा काम अब हुआ है, उसने जमीन-आसमान का फर्क ला दिया है।
सीएचसी स्तर पर मिलेगी डायलेसिस की सुविधा-
जनसंवाद के दौरान बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर गुर्दा रोगियों को डायलेसिस की सुविधा मिलेगी। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पिड़ावा,सुनेलए डग और अकलेरा में यह सुविधा जल्द ही शुरू होगी। सांसद दुष्यंत सिंह ने प्रत्येक सीएचसी स्तर पर 14.14 लाख रूपए सांसद कोष से दिए हैं। गुर्दा रोग से पीडि़त महिला संतोष ने सीएम को बताया कि अब तक जिला अस्पताल में उसकी 180 बार नि:शुल्क डायलेसिस हो चुकी है।इस पर होने वाला 3 लाख 60 हजार का खर्चा सरकार ने उठाया है।
ज्ञापन देने वालो की भीड़-
ग्रामीणों की भारी भीड़ सड़क के दोनों और एकत्रित रही मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याओं को सुलझाने के लिए कार्यकर्ता हाथों में ज्ञापन लेकर खड़े रहे इस दौरान राजे ने लोगों से मुलाकात कर ज्ञापन भी लिए। मुख्यमंत्री निर्धारित समय से करीब दो घंटे देरी से पहुचीं। इसके कारण जनसंवाद कार्यक्रम देरी से शुरू हुआ।
यह रहे मौजूद रहे-
कार्यक्रम में अभाव अभियोग निराकरण समिति अध्यक्ष श्री कृष्ण पाटीदार, प्रभारी मंत्री यूनुस खान संसदीय सचिव नरेन्द्र नागर, जिलाध्यक्ष संजय जैन, चेयरमैन कृष्णा प्रजापति, दिनेश मंगल, गोविंद रानीपुरिया, लाली बाई, उपखंड अधिकारी अश्वनी कुमार, तहसीलदार रामनिवास मीणा, ईओ दीपक नागर, विकास अधिकारी शिवदयाल शर्मा,मण्डल अध्यक्ष अनूप गौतम, ओपी माथुर, पूर्व विधायक अनिल जैन, प्रधान बेनाथ मीणा, महिला जिलाध्यक्ष रंजीता पांडे, मीडिया प्रभारी वंदना श्रीवास्तव, भगवती बाई मीणा, यशवन्त प्रजापति सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
इन्होंने दिए ज्ञापन-
सीएम को अकलेरा में आयोजित जनसंवाद में जनरल मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी मंगल की अगुवाई में एक ज्ञापन देकर नगर की बारिश के दौरान होने वाली परेशानी से अवगत कराया। मंगल ने बताया कि 2 वर्ष पूर्व भी नगर के व्यापारियों को लाखों का नुकसान उठाना पड़ा था। नगर के मुख्य नाले के लिए 10 करोड रुपए की बजट घोषणा पर आभार जताते हुए जल्दी कार्य शुरू करने की मांग की। जनसवाद में 6 मंडलो के कार्यकर्ता मौजूद रहे। पहली पारी में मनोहरथाना विधानसभा के आधा दर्जन मंडलों में मनोहरथाना घड़ावली ओर भालता मंडल के कार्यकर्ताओं से जनसंवाद किया। करीब 7 बजे तक चले इस जनसंवाद कार्यक्रम में द्वितीय पारी में अकलेरा नगर एवं ग्रामीण और असनावर मंडल के कार्यकर्ताओं से जनसंवाद किया।
Published on:
23 Jul 2018 08:44 pm
