
अवैध खनन वाले ने डम्पर का रंग ही बदल दिया
अवैध खनन वाले ने डम्पर का रंग ही बदल दिया
-फिर भी बच नही सका और पकड़ा गया
-वन विभाग ने की कार्रवाई
झालावाड़. जिले में अवैध खनन में लगे एक डम्पर को वन विभाग की टीम के दबिश के दौरान चालक भगा कर ले गया व उसका रंग बदल दिया ताकि उसे पकड़ा नही जा सके लेकिन विभाग की नजर से बच नही सका व गिरफ्त में आ गया। विभाग की ओर से डम्पर चालक के खिलाफ कार्रवाई जारी है। उप वन संरक्षक एन.एल.प्रजापत ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ गत 10 मार्च को वन विभाग की टीम ने वनखंड़ रायपुर बालगढ़ के कलमंडी खुर्द में दबिश दी तो एक डम्पर में अवैध खनन के पत्थर भरे हुए पाए गए विभाग की टीम कुछ कार्रवाई करती इससे पहले ही डम्पर चालक डम्पर को भगा ले गया। डम्पर मालिक बाबूलाल राठौर ने भी टीम के साथ अभद्रता की । इस सम्बंध में विभाग की ओर से सदर थाने में भी मामला दर्ज करवाया था।
-बदल दिया था रंग
विभाग की ओर से इस बीच गत दिनो अपने मुखबीरोंं से सूचना मिलने पर जब टीम ने गंाव रलायता में डम्पर देखा व उसका मुआयना किया तो उसका रंग बदला हुआ था। घटना के समय उसका रंग पीला था लेकिन उसे बदल कर स्लेटिया कर दिया गया। लेकिन अपराधी कितना भी चालाक क्यो ना हो कुछ ना कुछ सबूत छोड़ जाता है। विभाग की टीम ने गहराई से छानबीन कर डम्पर को घटना में लिप्त पाया गया। इस पर डम्पर को गत 27 मार्च को जब्त कर लिया गया। मामले में न्यायालय सहायक वन संरक्षक झालावाड़ की ओर से अग्रिम कार्रवाई जारी है।
-(पत्रिका संवाददाता जितेंद्र जैकी, झालावाड़)
Published on:
11 Apr 2019 09:04 pm
